उत्तर प्रदेश में 4 करोड़ से अधिक आबादी को लगाई गई कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज

उत्तर प्रदेश में चार करोड़ से अधिक लोगों को कोविड टीके की दोनों डोज लग चुकी है, जबकि 70 फीसदी से अधिक लोगों ने कम से कम एक डोज लगवा ली है।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Updated : November 18, 2021 9:25 AM IST

Corona vaccination in UP: देश भर में जनवरी 2021 से ही कोरोना वैक्सीनेशन अभियान जारी है। अब तक करोड़ों लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया जा चुका है। यदि उत्तर प्रदेश राज्य की बात करें तो यहां लगभग 4 करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है और 70% से भी अधिक लोगों ने कम से कम एक डोज लगवा ली है। यूपी सरकार ने शुरुआत से ही ट्रेस, टेस्ट और टीकाकरण की बेहतर रणनीति को अपनाया है। इस वजह से ही देश के साथ ही पूरी दुनिया में इस राज्य को टीकाकरण के लिए सराहा जा रहा है। यूपी अब तक 8 करोड़ 58 लाख से अधिक टेस्ट और 14 करोड़ 37 लाख कोरोना का टीका लगाकर देश भर के सभी राज्यों में शीर्ष स्थान पर है। इतना ही नहीं, उत्तर प्रदेश एकमात्र राज्य है, जहां 4 करोड़ लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड वैक्सीनेशन को और तेज करने के लिए अंतर्विभागीय समन्वय और दैनिक मॉनीटरिंग पर भी जोर देने की बात कही है।

4 करोड़ 4 लाख से अधिक लोगों ने ली दोनों डोज

यूपी में 18 वर्ष की उम्र से अधिक कुल 14 करोड़ 74 लाख लोगों में से अब तक 10 करोड़ 33 लाख से भी अधिक लोगों ने कोविड वैक्सीन की पहली खुराक ले ली है। 4 करोड़ 4 लाख से अधिक लोगों ने दोनों डोज ली है। उत्तर प्रदेश टीकाकरण के मामले में जहां पहले पायदान पर है, तो वहीं दूसरे स्थान पर 10.46 करोड़ डोज लगाकर महाराष्ट्र है। पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और गुजरात, क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। फिलहाल सीएम आदित्यनाथ का सारा ध्यान ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण को और तेज करने पर है। इसके लिए उन्होंने खास निर्देश भी दिए हैं।

यूपी में कोरोना काबू में

उत्तर प्रदेश में फिलहाल कोरोना के मामलेकंट्रोल में हैं। एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। पिछले 24 घंटे में लगभग 1 लाख 49 हजार 918 सैम्पल की टेस्टिंग हुई है, जिसमें 75 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस सामने नहीं आया है। गौतमबुद्ध नगर में 2, जालौन, प्रयागराज, मीरजापुर और लखीमपुर खीरी में 1-1 और नए संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 10 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में राज्य में एक्टिव केसेस की संख्या 95 है, जबकि 16 लाख 87 हजार 290 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं।

ताजा स्थिति के अनुसार, आगरा, अलीगढ़, अमेठी, अमरोहा, अयोध्या, आजमगढ़, बदायूं, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, बहराइच, भदोही, बिजनौर, चन्दौली, चित्रकूट, एटा, इटावा, फरुर्खाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गाजीपुर, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हाथरस, जौनपुर, कानपुर नगर, कासगंज, कुशीनगर, ललितपुर, महोबा, मैनपुरी, मऊ, मुरादाबाद, प्रतापगढ़, रामपुर, संतकबीरनगर, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, उन्नाव और वाराणसी जिलों में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त है।

स्रोत : (IANS Hindi)

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source