
Also Read
भारत बायोटेक ने किया आगाह, कहा- "जिनकी इम्युनिटी कमजोर है वो न लगाएं Covaxin का टीका"
भारत बायोटेक (Bharat Biotech) ने अपनी कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) को लेकर लोगों को आगाह करते हुए कहा कि जिन लोगों का इम्युन सिस्टम कमजोर है या फिर जो लोग दवाओं का सेवन कर रहे हैं वो Covaxin का टीका न लगाएं। भारत बायोटेक ने फैक्टशीट जारी करते हुए कहा है कि ऐसे लोगों को कोवैक्सीन का टीका नहीं लगवाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति वैक्सीन लगाने जाए और उसे किसी तरह की एलर्जी या कोई और हेल्थ प्रॉब्लम है तो अपने टीकाकरण अधिकारी को इस बारे में जरूर बताए।
भारत बायोटेक ने अपनी वेबासाइट पर एक बयान अपलोड कर लोगों को Covaxin वैक्सीन के संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक जिन लोगों को एलर्जी की समस्या है, ब्लीडिंग डिसऑर्डर है, जो इम्युन सिस्टम से जुड़ी दवा लेते हैं, ख़ून पतला करने की दवाई लेते हैं, गर्भवती महिलाएं और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को इस वैक्सीन को नहीं लेना चाहिए। यदि ऐसे लोग कोवैक्सीन का टीका लेते हैं तो उन्हें गंभीर एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है। जिसके चलते धड़कनों का तेज होना, शरीर में लाल चकत्ते पड़ना, सांस लेने में दिक्कत और शरीर में सूजन आने की समस्या हो सकती है। हालांकि ऐसा होने की संभावना बहुत कम है, लेकिन ऐसा हो भी सकता है।
भारत बायोटेक ने यह भी कहा कि वैक्सीन लगाने का यह मतलब नहीं है कि आप पूरी तरह से सुरक्षित हैं। बल्कि आपको परहेज जारी रखना होगा। बता दें कि कोवैक्सीन की क्लिनिकल एफिकेसी दर अभी तक नहीं बताई गई है और वैक्सीन के फ़ेज थ्री के क्लिनिकल ट्रायल की स्टडी चल ही रही है।
देश के अलग अलग हिस्सों से वैक्सीन से साइड इफेक्ट होने की खबर से लोगों के मन में वैक्सीन को लेकर डर बैठ गया है। ऐसे में लोगों के डर को दूर करते हुए सोमवार को एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया (AIIMS Director Randeep Guleria) ने भरोसा दिया कि वैक्सीन से किसी व्यक्ति की मृत्यु नहीं होगी, वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि अभी तक कुल 447 लोगों में वैक्सीन के साइड इफेक्ट दिखे हैं। जिसमें से ज्यादातर मामूली थे, केवल 3 रोगियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
वैक्सीन लगाने के बाद साइड इफेक्ट और एलर्जी पर चर्चा करते हुए डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि मामूली साइड इफेक्ट से हमें डरने की जरूरत नहीं है, अगर आप कोई भी दवाई लेते हैं, तो कुछ एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है और ऐसा रिएक्शन क्रोसिन, पैरासिटामोल जैसी साधारण दवाई से भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे में परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इसका कोई ऐसा साइड-इफेक्ट नहीं है, जिसके परिणामस्वरूप मौत हो जाए। एम्स निदेशक डॉ. गुलेरिया ने कहा कि इसके साधारण साइड इफेक्ट में शरीर में दर्द, जहां टीका लगा है, वहां पर हल्का दर्द और हल्का बुखार हो सकता है। डॉ. गुलेरिया ने कहा कि अगर गंभीर साइड इफेक्ट की बात करें तो शरीर पर चकत्ते निकल सकते हैं, मगर साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ये साइड इफेक्ट 10 प्रतिशत से भी कम लोगों को होते हैं।