बेंगलुरू में नगर निकाय ने ओमिक्रोन के खतरे को देखते हुए बदले दिशा-निर्देश, जानें कैसे कर सकेंगे अब अपने जरूरी काम

बेंगलुरू नगर निगम ने ओमिक्रोन के बढ़ते खतरे को देखते हुए विदेशी यात्रियों के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। जानें क्या है नए नियमों में बदलाव।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : December 2, 2021 1:34 PM IST

दुनियाभर में 17 से ज्यादा देशों में फैले कोरोनावायरस के ओमिक्रोन वेरिएंट को लेकर अब केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकार को भी चिंता सताने लगी है। भारत में भले ही अभी इसका कोई मामला सामने नहीं आया है लेकिन सरकार कोई भी लापरवाही नहीं बरतना चाहती है। इस बीच वृहत बेंगलुरू महानगर पालिक (बीबीएमपी) ने भी कोविड -19 के नए वेरिएंट के बढ़ते जोखिम के मद्देनजर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बता दें कि ये नए दिशा-निर्देश 1 दिसंबर से लागू होंगे और अगले आदेश तक ऐसे ही लागू रहेंगे।

नगर पालिका द्वारा जारी किए गए नए दिशा-निर्देश के मुताबिक, कुछ देशों से आने वाले यात्रियों को अब अतिरिक्त नियमों का पालन करना होगा। आइए जानते हैं क्या होंगे नए दिशा-निर्देशः

1-नए दिशा-निर्देश के मुताबिक, विदेश से आने वाले यात्रियों को यात्रा शुरू करने से 72 घंटे पहले नेगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट अपलोड करनी होगी।

2-किसी भी विदेशी यात्री को रिपोर्ट की प्रामाणिकता के साथ एक घोषणापत्र भी दाखिल करना होगा और रिपोर्ट गलत पाए जाने पर आपराधिक मुकदमा चलाने की अनुमित देनी होगी।

3-एट रिस्क कैटेगरी से आने वाले यात्रियों को हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद टेस्ट कराना होगा और परिणाम पॉजिटिव आने पर आइसोलेशन में रहनाहोगा।

4-एट रिस्क कैटेगरी से आने वाले यात्रियों को सात दिनों के लिए होम क्वारंटाइन में रहना होगा और आठवें दिन फिर से टेस्ट कराना होगा। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आती हैं, तो सैंपल को जीनोमिक सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे।

5-रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें सख्ती से होम आइसोलेशन में रहना होगा और सभी नियमों का पालन करना होगा।

6-पांच साल से कम उम्र के विदेशी बच्चों को यहां पहुंचने पर टेस्ट से छूट दी गई है। हालांकि, यहां पहुंचने पर और होम क्वारंटाइनके दौरान उनमें कोविड-19 के लक्षण पाए जाते हैं, तो उनका टेस्ट होगा और प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज किया जाएगा।

क्या कहते हैं अधिकारी

बीबीएमपी के मुख्य आयुक्त गौरव गुप्ता ने स्पष्ट किया कि बेंगलुरू में मौजूद सभी मॉल और सिनेमाघरों पर किसी प्रकार का कोई प्रतिबंध नहीं होगा। बता दें कि बेंगलुरू में रोजाना कोविड के लगभग 150 मामले सामने आ रहे हैं। इसके अलावा पहले किसी जगह पर एक साथ 10 केस मिलने पर उस जगह को क्लस्टर घोषित किया जाता था, लेकिन अब ऐसा हर तीन मामले सामने आने के बाद होगा।

(सोर्स--आईएएनएस)

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source