भूलने की बीमारी अल्जाइमर के दिख रहे हैं शुरुआती लक्षण, तो शुरू कर दें हर दिन व्यायाम करना

शोधकर्ताओं ने पाया कि जब मस्तिष्क में अल्जाइमर बीमारी के लक्षण मौजूद हों तो शरीर को सक्रिय रखने से स्मरण शक्ति बनाए रखने के लिए संज्ञानात्मक रक्षा मिल सकती है।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : January 19, 2019 4:27 PM IST

अगर आप अक्सर चीजें रखकर भूल जाते हैं या कोई बात याद नहीं रहती तो हो सकता है कि आपमें भूलने की बीमारी जैसे अल्जाइमर्स के लक्षण दिखने लगे हों। लेकिन, नियमित व्यायाम करके या घर के रोजाना के काम करके स्मरण शक्ति बरकरार रखी जा सकती है।

इसे भी पढ़ें- हल्दी का सेवन करेंगे तो याद्दाश्त होगी तेज, नहीं होगा अल्जाइमर रोग

एक शोध के अनुसार, अधिक उम्र के जिन वयस्कों में अल्जाइमर के लक्षण दिखने शुरू हो जाते हैं वो अगर रोज व्यायाम या घर के दैनिक काम करें तो इससे याददशत को बनाए रखा जा सकता है। शोध से पता चला है कि स्वास्थ्य सुधारने, मस्तिष्क पर रक्षात्मक असर पैदा करने के लिए व्यायाम सबसे सस्ता उपाय है।

अमेरिका में रश विश्वविद्यालय के एरोन एस बुचमैन ने कहा, ‘‘हमने शोध में भाग लेने वाले लोगों की उनकी मौत से औसतन दो साल पहले की शारीरिक गतिविधि का आकलन किया और फिर मौत के बाद दान दिए गए उनके मस्तिष्क के ऊतकों का अध्ययन किया। हमने पाया कि सक्रिय जीवनशैली से मस्तिष्क पर रक्षात्मक असर पड़ सकता है।’’

शोधकर्ताओं ने पाया कि जब मस्तिष्क में अल्जाइमर बीमारी के लक्षण मौजूद हों तो शरीर को सक्रिय रखने से स्मरण शक्ति बनाए रखने के लिए संज्ञानात्मक रक्षा मिल सकती है।

अल्जाइमर रोग के शुरुआती लक्षण

याद्दाश्त में कमी- इससे पीड़ित लोग अपने परिवारजनों या रिश्तेदारों, जगह, स्थल आदि भूलने लगते हैं।

कन्फ्यूजन- लोग अपने समय, लोगों के नाम, गतिविधियों आदि को भूलने लगते हैं।

काम करने में परेशानी- रोगी को दिनचर्या के छोटे-मोटे काम करने में मुश्किल आने लगती है।

समस्याओं को हल करने में परेशानी- आसान पजल्स और कैलकुलेशन करने में परेशानी महसूस करना।

सामाजिक मेल-मिलाप में समस्या- अल्जाइमर के रोगियों को किसी से बात करने, वाद-विवाद करने में भी परेशानी महसूस होती है।

व्यक्तित्व में बदलाव- अल्जाइमर रोगी को बार-बार मूड स्विंग होता है। डर लगना, डिप्रेशन, कन्फ्यूजन होना भी आम है।

सामाजिक गतिविधियों से दूर रहना- ऐसे रोगी पार्टी, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने में कतराते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source