
... Read More
Written By: Anshumala | Published : October 18, 2018 8:49 AM IST
अक्टूबर महीने को स्तन कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। © Shutterstock
कैंसर से पीड़ित लोगों को समर्थन देने के लिए नई दिल्ली स्थित मल्टी स्पेशलटी हॉस्पिटल इन्द्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स ने कैंसर के मरीजों और कैंसर की जंग जीत चुके लोगों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। हॉस्पिटल के नर्सिंग डिपार्टमेन्ट सेंटर ऑफ एक्सिलेन्स के त्रैमासिक अभियान के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सितंबर महीने को ओंकोलॉजी एवं अक्टूबर महीने को स्तन कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम का नेतृत्व कैप्टन उषा बैनर्जी, ग्रुप नर्सिंग डायरेक्टर, इन्द्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स ने किया।
घातक बीमारियों में से एक कैंसर
इन्द्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स के सीनियर कंसलटेंट, सर्जिकल ओंकोलॉजी डॉ. रमेश सरीन ने कहा, ‘‘कैंसर सबसे घातक और जानलेवा बीमारियों में से एक है, जो किसी भी व्यक्ति को हो सकता है। कैंसर से पीड़ित मरीज को सिर्फ शारीरिक ही नहीं मानसिक तौर भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मरीज को तनाव, शारीरिक दर्द और कई तरह की मुश्किलों से जूझना पड़ता है। ऐसे में जरूरी है कि मरीजों को प्रशिक्षित काउन्सलर्स की ओर से पूरी मदद मिले और मरीज के जीवन के इस मुश्किल समय को यथासंभव आसान बनाया जा सके।’’
कार्यक्रम के दौरान प्रवक्ता एवं ब्रह्मा कुमारी अध्यापिका, सिस्टर शिवानी ने 250 लोगों को संबोधित किया। अपोलो ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में कैंसर के मरीज, कैंसर की जंग जीत चुके लोग, उनके परिवार के सदस्य और स्टाफ के सदस्य शामिल थे। संबोधन के बाद कैंसर की जंग जीत चुके लोगों और स्टाफ ने मिलकर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
सकारात्मक रहना है जरूरी
सिस्टर शिवानी ने कहा, ‘‘कैंसर से पीड़ित मरीज को बहुत अधिक सकारात्मकता की जरूरत होती है। उसे शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक मजबूती की आवश्यकता होती है। ऐसे सकारात्मक विचार बीमारी से उबरने में बहुत महत्वपूर्ण हेाते हैं। बीमारी का असर मरीज की आर्थिक स्थिति, रिश्तों और भावनात्मक संबंधों तथा रोजमर्रा के जीवन पर पड़ता है। व्यक्ति का निजी अनुभव भी इसमें बहुत महत्पूर्ण भूमिका निभाता है।’’ इस मौके पर सिस्टर और हॉस्पिटल के स्टाफ ने सरवाइवर्स डायरेक्टरी, रजिस्ट्री और फेसबुक पेज को भी लॉन्च किया जो मरीजों और सरवाइवर्स को एक-दूसरे के साथ जुड़ने में मदद करेगा।