
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Updated : November 3, 2020 7:42 PM IST
भारत से चीन जाने वाले सभी लोगों को करवाने होंगे ये 2 टेस्ट, जानिए कौन से हैं ये टेस्ट
कोविड-19 महामारी के फैलाव को रोकने के लिए 7 नवंबर से विमान के जरिए भारत से चीन जाने वाले सभी चीनी और विदेशी यात्रियों को न्यूक्लिक एसिड टेस्ट और ब्लड-सिरम आईजीएम एंटीबॉडी टेस्ट के नकारात्मक प्रमाण पत्र के साथ एचएस निशान वाला ग्रीन हेल्थ कोड या स्वास्थ्य विवरण भी हासिल करना होगा। हालांकि भारत स्थित चीनी दूतावास ने कोई विशेष परीक्षण एजेंसी निश्चित नहीं की है। यात्री आईसीएमआर द्वारा निर्धारित किसी भी अस्पताल या प्रयोगशाला में न्यूक्लिक एसिड टेस्ट और ब्लड-सिरम आईजीएम एंटीबॉडी टेस्ट करवा सकते हैं।
दो टेस्ट के नकारात्मक प्रमाण पत्र पाने के बाद विदेशी यात्रियों को स्वास्थ्य विवरण का आवेदन करने के लिए भारत स्थित चीनी दूतावास या कौंसुलेट को वैध पासपोर्ट की जानकारी पृष्ठ, न्यूक्लिक एसिड टेस्ट का नकारात्मक प्रमाण पत्र, ब्लड-सिरम आईजीएम एंटीबॉडी टेस्ट का नकारात्मक प्रमाण पत्र और आवेदकों के हस्ताक्षरित स्वास्थ्य विवरण (अंग्रेजी संस्करण) को ऑनलाइन प्रस्तुत करना होगा।
बता दें कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के डेटा के मुताबिक, देश में रिकवरी रेट 91.68 प्रतिशत है और मृत्यु दर 1.49 प्रतिशत है। महाराष्ट्र कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य बना हुआ है। यहां अब तक 16,83,775 मामले दर्ज हो चुके हैं और 44,024 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके बाद संक्रमण के मामले में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और दिल्ली का स्थान है।
इस बीच दिल्ली में एक बार फिर रिकॉर्ड कोविड के मामले दर्ज हुए। यहां एक दिन में 5,664 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 3,92,370 हो गई है। ये लगातार तीसरा दिन है जब देश की राजधानी में 5 हजार से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं। इस बीच, सरकार ने स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए सबसे पहले कोविड-19 वैक्सीन की व्यवस्था करने का फैसला किया है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के मुताबिक, देश में एक दिन में 8,55,800 सैंपल की जांच की गई, जिसके बाद कुल जांच की संख्या 11,07,43,103 हो गई है।