
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : January 7, 2021 7:56 PM IST
Bird Flu Alert India: बर्ड फ्लू को लेकर दिल्ली में 11 रैपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन, 100 से ज्यादा नमूने भेजे जालंधर भेजे
दिल्ली में बर्ड फ्लू (Bird Flu Alert In Delhi) का संक्रमण रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने कड़े एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया है। गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में इस विषय पर पशुपालन इकाई, विकास विभाग के अधिकारियों की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में शामिल रहे दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने राज्य भर में सघन निगरानी का निर्देश दिया। उन्होंने बर्ड फ्लू (Bird Flu Alert) के संबंध में मंडी वालों के लिए 'क्या करें, क्या न करें' की गाइडलाइन तत्काल बनाकर कड़ाई से लागू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बड़े पैमाने पर नमूनों का संग्रह करके लगातार रिपोर्टिग के भी निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि अब तक दिल्ली में बर्ड फ्लू (Bird Flu Alert In Delhi) का एक भी मामला सामने नहीं आया है। दिल्ली सरकार ने गत 28 अक्टूबर 2020 को ही राज्य के सभी डॉक्टर्स और संबंधित लोगों को अलर्ट जारी करके बर्ड फ्लू की निगरानी का निर्देश जारी कर दिया था। इसके बाद चार जनवरी 2021 को भी सभी डॉक्टर्स को लगातार नमूना संग्रह करने तथा कड़ी निगरानी का दिशानिर्देश जारी किया गया।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, "दिल्ली सरकार के पशुपालन इकाई, विकास विभाग के सभी 48 वेटनरी अस्पताल के डॉक्टर लगातार राज्य भर में बर्ड फ्लू की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही, 11 रैपिड रिस्पॉन्स टीम बनाई गई हैं, जो लगातार नमूनों का संग्रह कर रही हैं। अब तक 100 से ज्यादा नमूनों का संग्रह करके जालंधर भेजा गया है। सोमवार तक इनकी रिपोर्ट आने की संभावना है। इसके अलावा, विभिन्न जलाशयों में बतख की स्वास्थ्य जांच भी की जा रही है।"
बैठक में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अन्य राज्यों से आने वाली पोल्ट्री बर्ड पर भी कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रमुख बर्ड साइट्स खासकर पोल्ट्री मार्केट, जलाशय, जू इत्यादि में बर्डस पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। इनमें गाजीपुर फिश एंड पॉल्ट्री मार्केट, शक्तिस्थल लेक, संजय लेक, भलस्वा लेक, दिल्ली जू, डीडीए पार्को में बने जलाशय इत्यादि शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री ने ऐसे सभी क्षेत्रों से लगातार नमूनों का संग्रह करके निगरानी का निर्देश दिया।
(आईएएनएस)