झारखंड के इस शहर में हवा बनी जहरीली, वायु प्रदूषण से बढ़ी सांस की बीमारियां, 2 दिन में 12 लोगों की मौत

शहर के कई क्षेत्रों में बहुत अधिक प्रदूषण के कारण लोगों के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : January 4, 2023 10:04 PM IST

Air Pollution In Dhanbad: झारखंड के धनबाद शहर में वायु प्रदूषण बहुत हानिकारक स्तर तक पहुंच गया है। आंकड़ों के अनुसार, बीते कई वर्षों में यहां एयर क्वालिटी सबसे खराब स्तर पर पहुंच गई है। स्थानीय शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ( SNMMCH) में बीते दो दिनों में सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित 12 लोगों की मृत्यु हो गई।  वहीं, शहर के अन्य अस्पतालों में भी  सांस से जुड़ी बीमारियों के कई मरीजों को भर्ती कराया गया है।

बता दें कि, बीते कुछ दिनों में शहर के सभी हॉस्पिटल्स में अस्थमा, निमोनिया औऱ पल्मोनरी डिजीज (pulmonary diseases) जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। वहीं,  झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (Jharkhand State Pollution Control Board) का अनुमान है कि आनेवाले कुछ दिनों में हवा की क्वालिटी में और गिरावट आ सकती है। अगले कुछ दिनों तक एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 से ऊपर बना रह सकता है, जिसके कारण लोगों को सांस लेने से जुड़ी परेशानियों में भी इजाफा हो सकता है। वहीं, डॉक्टरों ने वायु प्रदूषण के नुकसान से बचने के लिए लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी है।

खराब हवा ने बढ़ाई सांस से जुड़ी बीमारियां

शहर के मेडिकल कॉलेज द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार,  बीते सोमवार और मंगलवार को अस्पतालों में सांस संबंधी बीमारियों के जिन मरीजों की मृत्यु (Death due to respiratory problems) हुई है, उनमें से 8 लोग ऐसे थे, जिनकी उम्र 60 साल या उससे अधिक थी। लेकिन, इनमें से किसी का भी कोविड टेस्ट नहीं किया गया था इसीलिए, इन मौतों को कोविड संक्रमण से जोड़कर नहीं देखा जा रहा।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सीनियर माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि, सर्दियों के मौसम में सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। लेकिन, इस बार केवल दो दिनों में 12 लोगों की मृत्यु चिंताजनक बात है। इसे लेकर अलर्ट हो जाना जरूरी है। डॉक्टर ने बताया कि, खराब एयर क्वालिटी की वजह से सर्दी-जुकाम, खांसी, अस्थमा के साथ-साथ ब्रेन स्ट्रोक, आंखों में जलन और हार्ट जैसी स्थितियों का भी खतरा बढ़ सकता है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को धनबाद शहद में  एयर क्वालिटी इंडेक्स 327 मापा गया था। बुधवार को भी दिन के ग्यारह बजे एआईक्यू 311 मापा गया। किसी स्थान का एआईक्यू 300 से अधिक है तो इसे सिवियर कंडीशन माना जाता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, स्मॉग और फॉग बढ़ने के कारण वायु प्रदूषण बढ़ा है।

(आईएएनएस)

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source