Zika Virus In UP: कानपुर से कन्नौज पहुंचा जीका वायरस, सीएम योगी की ज्यादा सावधान रहने की अपील

यूपी में एक तरफ जहां कोरोनावायरस के मामले कम हो रहे हैं तो वही डेंगू और जीका वायरस तेजी से पांव पसार रहा है। 

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Updated : November 7, 2021 10:18 AM IST

कोरोनावायरस और डेंगू के संक्रमण के बीच उत्तर प्रदेश में जीका वायरस तेजी से पांव पसार रहा है। जीका वायरस कानपुर से निकलकर कन्नौज तक पहुंच गया है, यहां भी एक व्यक्ति जीका वायरस से संक्रमित पाया गया है। कानपुर में नवंबर तक 79 लोग संक्रमित पाए गए हैं, मगर कन्नौज में एक और मरीज मिलने से कुल आंकड़ा 80 तक पहुंच गया है। नया केस सामने आने के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से अधिक सतर्क रहने की अपील की है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में जीका वायरस का पहला मामला अक्टूबर में सामने आया था जिसके बाद से लगातार मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कानपुर में एयरफोर्स स्टेशन से 3 से 4 किलोमीटर की रेंज में यह मामले सामने आए थे। मगर अब कन्नौज में एक मरीज के सामने आने के बाद से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं।

कानपुर गया था कन्नौज का संक्रमित मरीज

कन्नौज के सीएमओ ने जानकारी देते हुए बताया कि हमने 32 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे जिनमें से एक व्यक्ति जीका वायरस से संक्रमित पाया गया है। संक्रमित मरीज कानपुर के शिवराजपुर गया था वहां एक गांव में रात रुका था। वहां से लौटने के बाद जब वह वापस अपने गांव आया तो उसने खांसी, जुखाम और बुखार की शिकायत की। जांच में जीका वायरस की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही संक्रमित व्यक्ति के गांव से 19 लोगों के और सैंपल भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट जल्द आ जाएगी।

fogging

मुख्यमंत्री ने की सावधान रहने की अपील

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बढ़ रहे जीका वायरस के मामलों को देखते हुए अधिक सतर्क रहने की अपील की है। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने एक एकीकृत कमांड सेंटर स्थापित किया है।

डेंगू के मामले में भी इजाफा

प्रदेश में डेंगू के मामलों में भी लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों के अस्पतालों में रोजाना डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। हालांकि प्रदेश सरकार ने आधिकारिक रूप से राज्य में डेंगू के कुल मामलों की जानकारी नहीं दी है। हालांकि शासन का कहना है कि प्रदेश में संक्रमित इलाकों में फागिंग के साथ-साथ मच्छरों को भगाने का काम किया जा रहा है।