
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : June 17, 2022 12:04 PM IST
मोमोज लगभग हर किसी को पसंद होते हैं और दिल्ली के लोगों की बात करें तो ये उनके दिल में बसा हुआ है। मोमोज देखते ही देखते इंडिया का फेवरेट स्ट्रीट फूड बनता जा रहा है। हालांकि, मोमोज के चाव से खाने वाले लोगों के लिए एक बुरी खबर है, आजतक की वेबसाइट से मिली रिपोर्ट के अनुसार कुछ दिन पहले मोमोज खाने से दिल्ली के एक शख्स की मौत हो गई है। जिसके बाद ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) ने एडवाइजरी भी जारी की है। बता दें कि यह मोमोज से होने वाली मेडिकल इमरजेंसी का पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी लोगों को इससे स्वास्थ्य समस्याओं होने के मामले सामने आ चुके हैं।
दरअसल दिल्ली के रहने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत का कारण उसकी श्वास नली में मोमोज फंसना माना जा रहा है। बताया जा रहा है उसकी सांस वाली नली (Windpipe) में मोमोज फंस जाने के कारण उसको सांस आना बंद हो गई। दम घुटने और उससे न्यूरोजेनिक कार्डियक अरेस्ट (Neurogenic cardiac arrest) आने के बाद उसकी मृत्यु हो गई।
50 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स के विशेषज्ञों ने बताया कि मोमोज चिकना व फिसलने वाला होता है। इस कारण से अगर इसे चबाने की बजाय सीधा निगला जाए तो यह अंदर जाकर आपकी नली में फंस जाता है, जिससे आपका दम घुट सकता है।
मोमोज खाने के हर किसी के पास अपने अलग बहाने होते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि मोमोज अनहेल्दी फूड नहीं है, क्योंकि ये फ्राइड नहीं बल्कि स्टीम्ड होते हैं और इनमें सब्जियां होती हैं। लेकिन ऐसा नहीं हैं, यह मैदे से बना होता है और साथ ही मैदे में ब्लीच केमिकल भी मिलाए जाते हैं। जो शरीर के कई अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुंचाते हैं। आजतक के अनुसार मैदे में मिलाए जाने वाले केमिकल पैंक्रियाज (अग्नाशय) को प्रभावित करते हैं, जिससे इंसुलिन बनने की क्षमता भी प्रभावित हो जाती है।
आपने भी मोमोज जरूर खाएं होंगे और देखा होगा कि मोमोज के साथ दी जाने वाली चटनी बहुत तीखी होती है और साथ ही लोगों को मेयोनीज भी दी जाती है। इस चटनी का रंग गहरा लाल करने के लिए तरह-तरह के केमिकल और रंग मिलाए जाते हैं, जो शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं। वहीं मोमोज में इस्तेमाल की जाने वाली मेयोनीज भी अच्छी गुणवत्ता वाली नहीं होती है।
काफी लोग मोमोज को ये कहकर खाते हैं कि वह तला हुआ नहीं स्टीम्ड मोमोज खा रहे है और उससे वेट गेन नहीं होता है। लेकिन आपको बता दें कि मोमोज आपका वजन तेजी से बढ़ाने की क्षमता रखता है। दरअसल मोमोज का स्वाद बढ़ाने के लिए उनमें मोनो-सोडियम ग्लूटामेट नाम का एक पाउडर मिलाया जाता है, जो आपका वजन बढ़ाने के साथ-साथ कई गंभीर रोगों का कारण बन सकता है। साथ ही मोमोज के साथ दी जाने वाली मेयोनीज बहुत जल्दी वजन बढ़ाने का काम करती है।