दिल्‍ली में कोरोना संक्रमण के मद्देनजर नोएडा में 178 व्यक्तियों की हुई रैंडम सैम्पलिंग, जांच में मिले 9 संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग की टीम की तरफ से अशोकनगर बॉर्डर पर 84 व्यक्तियों की रैंडम एंटीजन टेस्ट किया गया, जिसमें तीन व्यक्ति पॉजिटिव मिले।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : November 19, 2020 8:29 PM IST

दिल्ली में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के दृष्टिगत गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दिल्ली से आने वाले व्यक्तियों की रैंडम रूप से कोरोना जांच सुनिश्चित कराई जाए, ताकि जनपद में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा गुरुवार को दूसरे दिन जनपद में दो बॉर्डर पर रैंडम रूप से एंटीजन टेस्ट किए गए। जिसमें कुल 178 व्यक्तियों की एंटीजन टेस्ट किए गए, 9 व्यक्ति मौके पर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम की तरफ से अशोकनगर बॉर्डर पर 84 व्यक्तियों की रैंडम एंटीजन टेस्ट किया गया, जिसमें तीन व्यक्ति पॉजिटिव मिले। इसी प्रकार बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर भी 94 व्यक्तियों की रैंडम एंटीजन जांच की गई, जिसमें 6 व्यक्ति पॉजिटिव मिले।

जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि, "आगे भी निरंतर रूप से इसी प्रकार रैंडम चेकिंग दिल्ली से आने वाले व्यक्तियों की स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।"

दरअसल जिले में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिसके लिए जिलाधिकारी ने एक एक्शन प्लान तैयार किया, जिसके तहत दिल्ली से आने वाले लोगों की रैंडम सैम्पलिंग की जा रही है। वहीं इस अभियान का गुरुवार को दूसरा दिन था, बुधवार को इस अभियान की शुरूआत की गई इस दौरान टेस्ट डीएनडी और चिल्ला बॉर्डर पर किए गए थे।

--आईएएनएस

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source