... Read More
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.
Written By: Agencies | Published : November 22, 2017 11:37 AM IST
गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में सात साल की एक लड़की की मौत पर हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को कहा कि एक वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच करेंगे। अस्पताल ने लड़की की मौत के बाद परिवार को 18 लाख रुपये का बिल थमा दिया था। विज ने एक बयान में कहा, "किसी भी अस्पताल को हरियाणा के लोगों की भावनाओं और स्वास्थ्य से खेलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अधिकारियों को जल्द से जल्द अपनी जांच रिपोर्ट जमा करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।"
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने मौत को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मंगलवार को कहा कि सरकार ने अस्पताल से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
नड्डा ने कहा कि जरूरी हुआ तो मामले में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके मंत्रालय ने सभी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के पंजीकरण व विनियमन के संबंध में सभी राज्यों को पत्र लिखा है, जिससे सुविधाओं व सेवाओं के न्यूनतम मानक को निर्धारित किया जा सके।
डब्ल्यूएचओ सम्मेलन से इतर नड्डा ने कहा, "यह एक बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने फोर्टिस अस्पताल से एक मेडिकल रिपोर्ट मांगी है और हम इस मामले को देखेंगे व जरूरी हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।"
गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में डेंगू के इलाज के दौरान सात साल के आद्दा की मौत हो गई। आद्या के माता-पिता को उसके शव को 18 लाख रुपये का भुगतान करने के बाद ले जाने दिया गया। नड्डा ने मामले के सामने आने के बाद यह टिप्पणी की है।
आद्या के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि अस्पताल ने उनकी बेटी को इलाज के दौरान प्रतिक्रियाहीन रहने पर भी तीन दिनों तक वेंटिलेटर पर रखा। लड़की की मौत 14 सितंबर को हुई थी।
नड्डा ने कहा, "कृपया मुझे विवरण दीजिए..हम सभी जरूरी कार्रवाई करेंगे।" जैसे ही यह सूचना वायरल हुई, अस्पताल ने एक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा।
अस्पताल के अनुसार, आद्दा को गुड़गांव के फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट में एक अन्य निजी अस्पताल से 31 अगस्त की सुबह लाया गया था।
बयान में कहा गया है, "आद्दा को गंभीर डेंगू के साथ भर्ती किया गया था। यह डेंगू शॉक सिंड्रोम में बदल गया। उसे आईवी फ्लूइड व जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया, क्योंकि उसके प्लेटलेट काउंट में तेजी से गिरावट हो रही थी। उसकी स्थिति बिगड़ रही थी, उसे 48 घंटे जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया।" जानिये कैसे डेंगू से छोटी बच्ची की मौत होने पर फोर्टिस, गुड़गांव ने थमाया 18 लाख का बिल: नड्डा ने लिया एक्शन
सौजन्य: IANS Hindi
चित्र स्रोत: Shutterstock