
Also Read
मुंबई में स्वाइन फ्लू के अब तक 62 मामले! जानें किन इलाकों में हो चुकी हैं मौत
इस साल मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में स्वाइन फ्लू के कुल 62 मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले से भी स्वाइन फ्लू के कुछ मामले सामने आए हैं। बता दें कि हाल ही में पालघर की रहने वाली एक नौ साल की लड़की की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई थी।
मुंबई सर्कल में स्वास्थ्य सेवाओं की उपनिदेशक डॉ. गौरी राठौड़ का कहना है कि एक जनवरी से 24 जुलाई 2022 तक कुल 1,66,132 लोगों की जांच की गई है, जिसमें करीब 62 लोगों में H1N1 इंफ्लूएंजा वायरस होने की पुष्टि हुई है।
डॉ. गौरी रा कहना है कि वहीं ठाणे में पिछले सप्ताह दो मरीजों की इस इंफेक्शन से मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि इस साल मुंबई और उसके आस-पास H1N1 वायरस से होने वाली ये पहली मौते थीं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि वह हालात पर नजर रखे हुए हैं और बीमारी को फैलने से रोकने के लिए सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों और स्वास्थ्य कर्मियों से देखभाल करने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
स्वाइन फ्लू से हुई मौतों की जानकारी देते हुए अधिकारियों का कहना है कि ठाणे के कोपरी इलाके में रहने वाली 51 साल की महिला ज्योति राजा बजाज 12 जुलाई को बीमार हुई थीं। उन्होंने बुखार, उल्टी, खांसी की शिकायत की थी, जिसके बाद 18 जुलाई को उनकी मौत हो गई।
वहीं दूसरी मौत भी कोपरी की रहने वाली 72 साल की महिला बबीता हटे की हुई। बबीता 9 जुलाई को बीमार हुई थीं और उनकी मौत 19 जुलाई को हुई।
दोनों ही महिलाएं H1N1 वायरस से संक्रिमत पाई गई थीं और इनका इलाज ठाणे के दो अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, इन दोनों महिलाओं ने अस्पताल में बीमारी से दम तोड़ा था।