Zika Virus In UP: कानपुर में मिले जीका वायरस के 56 नए मरीज, 91 हुई कुल संक्रमित मरीजों की संख्या

कानपुर में दिवाली के ही दिन जीका वायरस का बम फूट गया है यहां जीका के आज भी 56 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। 

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : November 4, 2021 4:16 PM IST

उत्तर प्रदेश का कानपुर जिला जीका वायरस की चपेट में है। हैरानी की बात यह है कि दीपावली के दिन बृहस्पतिवार को अब तक सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज मिले हैं। एक ही दिन में एक साथ 56 मरीजों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन के हाथ पांव फूल गए हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि वह जीका वायरस को लेकर काफी सतर्क है और जनता को भी पैनिक होने की जरूरत नहीं है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक यहां कुल 91 मरीजों में जिका वायरस की पुष्टि हो चुकी है।

बता दें कि दिवाली के दिन 56 मरीजों के संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। इतनी ज्यादा मरीजों के सामने आने के बाद तुरंत सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया और नए संक्रमित मरीजों को फोन कर जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई। इसके साथ ही सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है। सभी मरीजों का इलाज स्वास्थ्य विभाग अपनी निगरानी में कर रहा है।

35 पुरुष और 21 महिलाएं हैं संक्रमित

दिवाली के दिन जीका वायरस से संक्रमित पाए गए 56 मरीजों में से 35 मरीज पुरुष है तो वहीं महिलाओं की संख्या 21 है। इनमें छोटे बच्चों से लेकर युवा, वयस्क और बुजुर्ग सभी उम्र के लोग शामिल हैं। अगर 1 दिन पहले यानी बुधवार की बात करें तो इस दिन भी जीका वायरस के 25 लोग संक्रमित पाए गए थे।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जीका वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित आदर्श नगर मोहल्ला है। इसके अलावा ज्यादातर मरीज हरजिंदर नगर और एयर फोर्स परिसर के हैं। पोखरपुर से जीका वायरस के 4 मरीज लाल कुर्ती, अशरफाबाद और मोती नगर से 1-1 व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं।

जीका वायरस संक्रमण को लेकर कानपुर के जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने भी बयान जारी कर बताया है कि, गुरुवार को आई रिपोर्ट में शहर के 56 लोगों में जीका वायरस की पुष्टि हुई है। बचाव कार्य चार स्तरों पर किए जा रहे हैं, लोगों को मच्छरों से बचने की सलाह दी गई है। आम जनता से मच्छरों के स्रोत खत्म करने में सहयोग मांगा गया है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source