दिल्ली में मंकीपॉक्‍स का दूसरा मामला आया सामने, अफ्रीकी नागरिक में संक्रमण की पुष्टि

भारत में मंकीपॉक्स के अब तक 6 मामले सामने आए हैं। केरल से संक्रमण के 4 मामले सामने आए, जिनमें से एक 22 वर्षीय युवक की इस बीमारी से मौत हो गई। दिल्ली में अब तक 2 मामलों की पुष्टि हुई है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : August 1, 2022 11:27 PM IST

दिल्‍ली में सोमवार को मंकीपॉक्‍स का दूसरा मामला सामने आया, एक 35 वर्षीय अफ्रीकी नागरिक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि संक्रमित का विदेश यात्रा का कोई इतिहास नहीं है। संक्रमित मरीज को दिल्ली सरकार द्वारा संचालित एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे पिछले पांच दिनों से छाले और बुखार है। इसको मिलाकर देश में अब तक छह लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।

अफ्रीकी नागरिक के नमूने पुणे में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) भेजे गए थे। सोमवार शाम आई रिपोर्ट से पता चला कि वह पॉजिटिव है। राष्ट्रीय राजधानी में पहला मामला 24 जुलाई को सामने आया था। एक 31 वर्षीय पश्चिमी दिल्ली निवासी जिसका विदेश यात्रा का कोई इतिहास नहीं था की टेस्‍ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

अब तक, भारत में मंकीपॉक्स के 6 कन्फर्म मामले सामने आए हैं। केरल से संक्रमण के 4 मामले सामने आए, जिनमें से एक 22 वर्षीय युवक की इस बीमारी से मौत हो गई। इसके अलावा 2 मामले दिल्ली से हैं। केरल राज्य में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 30 जुलाई को मरने वाले 22 वर्षीय व्यक्ति के परीक्षणों से पता चला कि उस व्यक्ति को मंकीपॉक्स था। मौत अफ्रीका के बाहर मंकीपॉक्स से संबंधित चौथी मौत है।

वहीं एक अन्य घटनाक्रम में, राजस्थान ने मंकीपॉक्स के अपने पहले संदिग्ध मामले की सूचना दी। किशनगढ़ के एक 20 वर्षीय युवक को जयपुर के राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में भर्ती कराया गया है। एक वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा कि रोगी बुखार से पीड़ित था और उसके शरीर पर घाव के निशान थे। उसके नमूने सोमवार को पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजे गए हैं।

केंद्र ने मंकीपॉक्स के मामलों की निगरानी और डायग्‍नॉस्टिक ​​सुविधाओं के विस्तार में सहायता के लिए एक विशेष कार्य बल का गठन किया है। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वीके पॉल टास्क फोर्स का नेतृत्व करेंगे और सदस्यों में मंत्रालय के अधिकारी और देश के प्रमुख चिकित्सा और अनुसंधान संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source