
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : November 18, 2020 2:14 PM IST
उत्तर प्रदेश में 2 भाजपा विधायकों को हुआ कोरोना वायरस, यूपी में कोविड से 7412 लोगों की हो चुकी है मौत
उत्तर प्रदेश में भाजपा के 2 विधायकों का कोविड -19 परीक्षण पॉजिटिव आया है। इनमें से एक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे का घर पर ही इलाज चल रहा है। बरेली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनीत कुमार शुक्ला ने कहा, "बरेली के विधायक अरुण कुमार सोमवार को चित्रगुप्त की जयंती पर एक कार्यक्रम में भाग ले रहे थे, तभी उन्हें असहज महसूस हुआ। उन्हें तुरंत 300 बिस्तरों वाले अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका कोविड-19 परीक्षण पॉजिटिव आया। अब उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
फरीदपुर के भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का भी कोविड-19 परीक्षण पॉजिटिव आया है। उन्होंने अपने घर पर खुद को आइसोलेट कर लिया है।
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। मंत्री ने कहा है कि वह दिल्ली में कोविड-19 का परीक्षण कराएंगे। गंगवार ने यह भी कहा कि मंत्रालय में उनके निजी सचिव का कोरोना परीक्षण पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने अपने स्टाफ को भी टेस्ट कराने के लिए कहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के जार आंकड़ों के मुताबिक, यूपी में कोविड-19 के 22166 एक्टिव मामले हैं। अब तक 484692 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। जबकि उत्तर प्रदेश में 7412 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं, अगर पूरे देश की बात करें तो 4 लाख 46 हजार 805 एक्टिव मामले हैं। कोरोना से ठीक हो चुके कुल मरीजों की संख्या 83 लाख 35 हजार 109 है। रिकवरी रेट की बात करें तो कोरोना पॉजिटिव 93 प्रतिशत लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि कोरोना से अब तक एक लाख 30 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
--आईएएनएस