New Strain Of Covid 19 In India: ब्रिटेन से कर्नाटक लौटे 14 यात्री पॉजिटिव, नमूने जीनोम जांच के लिए भेजे गए

New Strain Of Covid 19: ब्रिटेन में पाए गए नए स्ट्रेन का पता चलाने के लिए 14 पॉजिटिव सैंपलों की जांच हो रही है। जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट में कुछ समय लग रहा है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Updated : December 26, 2020 8:37 PM IST

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने शनिवार को कहा कि 25 नवंबर से अब तक ब्रिटेन से लौटे 2,500 यात्रियों में से 14 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उनके नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि कोरोना की नई किस्म का पता लगाया जा सके। सुधाकर ने पत्रकारों को बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने 22 दिसंबर तक 2,500 यात्रियों में से 1,638 लोगों की जांच की है।

उन्होंने कहा, "1,638 में से 14 यात्री पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव लोगों के सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो-साइंसेज (निमहंस) को भेजा गया है। निमहंस इन परीक्षणों का संचालन करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा चुने गए 10 संस्थानों में से एक है। निमहंस के साथ, बेंगलुरु में नेशनल सेंटर फॉर बायोलॉजिकल साइंसेज (एनसीबीएस) भी परीक्षण कर सकता है।"

सुधाकर ने कहा कि जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट की रिपोर्ट आने में कम से कम तीन से चार दिनों की प्रक्रिया है।

उन्होंने कहा, "ब्रिटेन में पाए गए नए स्ट्रेन का पता चलाने के लिए 14 पॉजिटिव सैंपलों की जांच हो रही है। जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट में कुछ समय लग रहा है।"

गौरतलब है कि, भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोनावायरस के 22,272 नए मामले सामने आए जबकि 22,274 लोग वायरस से ठीक भी हुए। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों ने यह दर्शाया।

पिछले एक दिन में 251 मौतों के साथ कुल मामलों की संख्या 1,01,69,118 हो गई। अब तक 1,47,343 लोगों की मौत हो चुकी है।

ठीक हुए लोगों की कुल संख्या 97,40,108 है। 2,81,667 सक्रिय मामले हैं। रिकवरी दर 95.78 प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है।

--आईएएनएस

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source