
विद्या शर्मा
विद्या शर्मा को डिजिटल मीडिया में लगभग 3 साल का अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता ... Read More
Medically Verified By: Dr. Malini Saba
स्लीप डिवोर्स (Image Credit- ChatGPT)
आपको सोशल मीडिया पर ऐसे कई शब्द मिल जाएंगे जो सुनने में अजीब लगें, लेकिन वह रिश्तों की स्थितियों को बयां करने के नए जमाने के तरीके हैं। ऐसी ही एक टर्म है स्लीप डिवोर्स। इसका नाम सुनकर ऐसा लग सकता है कि इसका संबंध पति-पत्नी के रिश्ते टूटने से है, लेकिन असल में ऐसा नहीं है। दरअसल स्लीप डिवोर्स का मतलब है कि दोनों पार्टनर का बेहतर नींद के लिए अलग-अलग बिस्तर या अलग कमरे में सोने का फैसला लेना होता है, जबकि उनका रिश्ता नॉर्मल ही रहता है।
क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉक्टर मालिनी सबा कहती हैं कि अच्छी नींद हमारी शारीरिक और मानसिक हेल्थ के लिए उतनी ही जरूरी है, जितनी बैलेंस्ड डाइट और रेगुलर एक्सरसाइज। ऐसे में अगर एक पार्टनर के खर्राटे, बार-बार करवट बदलना, देर रात तक मोबाइल चलाना या अलग स्लीप शेड्यूल दूसरे की नींद खराब कर रहे हैं, तो अलग सोना कुछ लोगों के लिए एक प्रैक्टिकल विकल्प बन सकता है, जिसे आजकल "स्लीप डिवोर्स" कहा जाता है, जिसे आजकल "स्लीप डिवोर्स" कहा जाता है।
स्लीप डिवोर्स क्या है? (Image Credit- ChatGPT)
स्लीप डिवोर्स का मतलब वैवाहिक जीवन खत्म करना नहीं, बल्कि बेहतर गुणवत्ता वाली नींद के लिए अलग सोने की व्यवस्था अपनाना है। यह व्यवस्था स्थायी भी हो सकती है और जरूरत के अनुसार अस्थायी भी। कई कपल केवल सप्ताह के कामकाजी दिनों में अलग सोते हैं और सप्ताहांत में साथ सोते हैं।
स्लीप डिवोर्स के कारणों के बारे में डॉक्टर ने बताया है-
1. खर्राटों की समस्या- अगर एक पार्टनर तेज खर्राटे लेता है, तो दूसरे व्यक्ति की नींद बार-बार टूट सकती है। ऐसा लगातार होने से दिनभर थकान, चिड़चिड़ापन और काम करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
2. अलग-अलग स्लीप शेड्यूल- कुछ लोग जल्दी सोते और जल्दी उठते हैं, जबकि कुछ देर रात तक जागते हैं। अलग-अलग रूटीन के कारण एक-दूसरे की नींद प्रभावित हो सकती है।
3. मोबाइल और स्क्रीन का इस्तेमाल- किसी एक पार्टनर का देर रात तक मोबाइल, लैपटॉप या टीवी देखना दूसरे की नींद को खराब कर सकता है।
4. AC के तापमान को लेकर अलग-अलग पसंद- अक्सर ऐसा होता है कि एक व्यक्ति को जल्दी ठंड लगती है, जबकि दूसरे को पूरी रात AC की जरूरत होती है। यह भी अलग-अलग सोने का कारण हो सकता है।
5. बेटर मेंटल और फिजिकल हेल्थ- जब पार्टनर के साथ सोकर लगातार नींद पूरी नहीं होती, तो तनाव, मूड में बदलाव, फोकस करने में परेशानी और कई हेल्थ प्रॉब्लम्स बढ़ सकती है। ऐसे में कुछ कपल्स के लिए अलग सोना अच्छी नींद पाने का एक तरीका बन जाता है।
क्या स्लीप डिवोर्स रिश्ते के लिए नुकसानदायक है?
जब हम साइकोलॉजिस्ट से यह सवाल पूछा, तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि “नहीं, ऐसा जरूरी नहीं है। अगर यह फैसला आपसी सहमति, खुलकर बातचीत और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए लिया जाए, तो इससे रिश्ते पर नकारात्मक असर पड़ना जरूरी नहीं है। बल्कि अच्छी नींद मिलने से स्ट्रेस कम हो सकता है। और कई लोगों के रिश्ते की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है।”
हालांकि, अगर अलग सोना इमोशनल डिस्टेंस, झगड़े या रिश्ते की समस्याओं की वजह से हो रहा है, तो सिर्फ अलग कमरा इस समस्या का समाधान नहीं बन सकता है। ऐसे मामलों में एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहतर होता है।
“देखें, ऐसा बिल्कुल नहीं है। यह सिर्फ उन लोगों के लिए है जिन्हें साथ सोने के कारण नींद पूरी नहीं हो रही और हेल्थ पर बुरा असर पड़ रहा है। अगर आपकी नींद बार-बार खराब हो रही है, तो पहले इसका कारण पता करें। उदाहरण के लिए, हो सकता है कि पार्टनर के तेज खर्राटे ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया (OSA) जैसी समस्या का संकेत भी हो! जिसके लिए डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। ऐसे में सही कारण और उसका सही इलाज ढूंढ़ना बहुत जरूरी है।" ऐसा डॉक्टर सबा का कहना है।
अमेरिकन एकेडमी ऑफ स्लीप मेडिसिन द्वारा 2023 में किए गए एक सर्वे के अनुसार, लगभग ⅓ अमेरिकी वयस्कों ने बताया कि वे कभी-कभी या नियमित रूप से अलग कमरे में सोना पसंद करते हैं, ताकि उन्हें अच्छी नींद मिले और कोई डिस्टर्बेंस न हो। इससे यह पता चलता है कि स्लीप डिवॉर्स का ट्रेंड बढ़ रहा है, लेकिन इसका उद्देश्य रिश्ता खत्म करना नहीं बल्कि स्लीप क्वालिटी को सुधारना है। यानी कि रिसर्च से पता चला कि कुछ लोगों के लिए अलग सोना बेहतर नींद से जुड़ा हो सकता है।
क्या कहती है हेल्दी स्लीप से जुड़ी स्टडी
अमेरिकन एकेडमी ऑफ स्लीप मेडिसिन की “Healthy Sleep के अनुसार” स्टडी के अनुसार पर्याप्त और अच्छी गुणवत्ता वाली नींद हार्ट हेल्थ, मेंटल हेल्थ, इम्यूनिटी और दैनिक कार्यक्षमता के लिए जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसमें दी गई जानकारी विशेषज्ञ की सलाह पर आधारित है, लेकिन यह किसी चिकित्सीय परामर्श या उपचार का विकल्प नहीं है। स्लीप डिवॉर्स अपनाने या नींद से जुड़ी किसी भी समस्या के इलाज के लिए अपने डॉक्टर या स्लीप मेडिसिन विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें।