
साधना तिवारी
साधना तिवारी 15 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में हैं। लगभग 9 वर्षों से अधिक समय से ZEE ग्रुप के साथ जुड़ी हुई ... Read More
Written By: Sadhna Tiwari | Updated : July 5, 2022 7:30 PM IST
रिलेशनशिप में एक मुकाम ऐसा भी होता है जब पार्टनर्स एक-दूसरे से ब्रेकअप कर अलग हो जाते हैं। कुछ लोग जल्दी तो कुछ थोड़ा-सा अधिक समय लेकर अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ जाते हैं। कभी-कभार ऐसा भी होता है कि ब्रेकअप के बाद कभी-कभी ये लोग एक-दूसरे से टकरा जाते हैं, तो कुछ राह बचाकर चले जाते हैं या एक-दूसरे को इग्नोर कर देते हैं। तो वहीं, कुछ लोग औपचारिकता के लिए एक-दूसरे का हाल-चाल पूछकर बात को खत्म कर देते हैं। लेकिन, कुछ लोगों के लिए ये दोनों ही काम कर पाना तब मुश्किल हो जाता है जब उनका एक्स उनके ही ऑफिस में काम करता है।

अक्सर ऐसा होता है कि लोगों को अफेयर उनके किसी कलीग के साथ हो जाता है और वहीं रहते हुए उनका ब्रेकअप भी हो जाता है। तो वहीं, कुछ लोग जॉब स्विच करते हुए अपने एक्स के ऑफिस में ही नयी नौकरी जॉइन कर लेते हैं। इन दोनों ही स्थितियों में लोगों को रोज-रोज अपने एक्स-बॉयफ्रेंड या एक्स-गर्लफ्रेंड का सामना करना पड़ता है और यह स्थिति उनके लिए काफी अनकम्फर्टेबल और उलझनभरी हो सकती है। ऐसे लोगों के लिए ही हम यहां लिख रहे हैं कुछ टिप्स जो उन्हें एक ही ऑफिस में रहते हुए अपने एक्स पार्टनर के साथ काम करने में मदद करेगी।
भले ही आप दोनों का ब्रेकअप किसी बड़ी बहस या झगड़े के साथ खत्म हुआ हो लेकिन, इस बात का हमेशा ध्यान रखें कि ऑफिस में आप दोनों कलीग हैं। इसीलिए, उसे देखते ही गुस्सा होने या उससे भागने का काम ना करें। पर्सनल लाइफ के मामलों को ऑफिस से बाहर रखें और प्रोफेशनल लाइफ में ठीक वैसे ही बिहेव करें जैसा दो कलीग्स करते हैं। अपने गुस्से की वजह से सामने वाले के काम में गलतियां ना निकालें और ना ही खुद को बेचारा और उसे घमंडी या बुरा साबित करने के प्रयास ना करें।
जब दो एक्स-पार्टनर्स एक ही दफ्तर में काम करते हैं तो हो सकता है कि कभी-कभी आप दोनों को एक ही टीम या एक ही प्रोजेक्ट पर काम करना पड़े। ऐसे में अगर आप इस तरह की किसी परिस्थिति को संभाल नहीं सकते या खुद को अपने एक्स के साथ सहज महसूस नहीं कर पाते तो कोशिश करें कि आपको उस व्यक्ति के साथ काम ना करना पड़े। अपने काम पर फोकस करें और उस व्यक्ति के पर्याय के तौर पर अन्य कलीग्स की मदद लें।
कई बार लोग ब्रेकअप के बाद एक-दूसरे को माफ कर देते हैं और अपनी रोजमर्रा की बातें भी एक-दूसरे के साथ शेयर करने लगते हैं। लेकिन, इन सबके बीच अपनी एक लिमिट भी तय करें। भूलकर भी अपने परिवार, अपने नये पार्टनर और अपनी शादी से जुड़े प्लान्स के बारे में अपने एक्स से बात ना करें। इसी तरह अगर एक्स के लिए आपके मन में कोई फीलिंग्स हों तो उनके बारे में भी अपने एक्स को ना बताएं। इन सारी जानकारियों का गलत फायदा उठाया जा सकता है।