
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : December 3, 2024 2:54 PM IST
Year Ender 2024: पीरियड्स यानी मासिक धर्म महिलाओं में होने वाला एक नैचुरल प्रोसेस है। पीरियड्स का समय हर महिला के लिए काफी कठिन होता है। इस दौरान महिलाओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अधिकतर महिलाओं को पीरियड्स के दौरान पेट में दर्द, ऐंठन और मूड स्विंग्स जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कुछ महिलाओं को पीरियड्स के समय असहनीय दर्द होता है, जिसके कारण उन्हें पेन किलर का सहारा लेना पड़ता है। लेकिन इन दवाओं का ज्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। ऐसे में, अक्सर महिलाएं पीरियड पेन से निपटने के लिए घरेलू नुस्खे ढूंढ़ती हैं। साल 2024 में भी पीरियड्स के दर्द के लिए कई घरेलू नुस्खे ट्रेंड में रहे। आपको बता दें कि इस साल लोगों ने इंटरनेट पर पीरियड्स पेन से राहत पाने के लिए कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में सबसे ज्यादा सर्च किया। आज इस लेख में हम आपको पीरियड्स के दर्द के लिए सबसे अधिक खोजे जाने वाले कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए, जानते हैं विस्तार से –
पीरियड्स के दर्द से छुटकारा दिलाने में कुछ योगासन काफी असरदार साबित हो सकते हैं। बालासन, बद्ध कोणासन, उष्ट्रासन, पश्चिमोत्तानासन और धनुरासन जैसे कुछ योगासन पीरियड्स पेन से राहत दिला सकते हैं। हालांकि, कुछ लोगों को लगता है कि पीरियड्स के दौरान व्यायाम करना असुरक्षित हो सकता है। लेकिन पीरियड्स के दौरान व्यायाम करना आमतौर पर सुरक्षित होता है। हालांकि, पीरियड्स के दौरान आपको मध्यम तीव्रता वाले व्यायाम जैसे वॉकिंग, हल्की जॉगिंग, स्विमिंग और योग करना चाहिए।
कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ हैं, जो पीरियड्स के दौरान दर्द को और ज्यादा बढ़ा सकते हैं। कॉफी, डेयरी उत्पाद, प्रोसेस्ड फूड, चीनी और ग्लूटेन से भरपूर खाद्य पदार्थ पीरियड्स के दौरान परेशानी बढ़ा सकते हैं। बहुत ज्यादा कैफीन रक्त वाहिकाओं के संकुचन का कारण बन सकता है, डेयरी उत्पाद ऐंठन को और अधिक बढ़ा सकते हैं, और प्रोसेस्ड फूड्स के कारण हार्मोनल असंतुलन की समस्या हो सकती है।
हाइड्रेटेड रहने से पीरियड्स के दर्द को कम करने में मदद मिल सकती है। पीरियड्स के दौरान अदरक की चाय, दालचीनी का पानी, ग्रीन टी, कैमोमाइल टी और अनानास के जूस का सेवन बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। इन पेय पदार्थों में एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो दर्द और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं।
मालिश करने से शरीर की मांसपेशियों को आराम मिलता है। इससे रक्त संचार भी बेहतर होता है, जिससे दर्द और ऐंठन को कम करने में मदद मिल सकती है। पीरियड्स के दर्द से राहत पाने के लिए आप शरीर के प्रभावित हिस्सों पर 10-20 मिनट मसाज कर सकते हैं। इससे आपको जल्द आराम मिल सकता है। आप चाहें तो मालिश के बाद हॉट वाटर बैग से सिकाई भी कर सकते हैं।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।