
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : November 6, 2024 3:11 PM IST
Tips To Stay Hydrated During Chhath Fast: छठ पूजा (Chhath Puja) इस बार 5 से 8 नवंबर तक मनाई जाएगी। यह त्यौहार बिहार, झारखंड और यूपी में बड़ी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस व्रत में भगवान सूर्य और उनकी बहन छठी मईया की उपासना की जाती है। यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष के षष्ठी को मनाया जाता है। 5 नवंबर को पहले दिन नहाए-खाय की परंपरा को निभाया गया है। इसके बाद दूसरे दिन यानी आज (06 नवंबर) खरना पूजा (Chhath Puja Kharna 2024) है। इस दिन प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठ के व्रत की शुरुआत होती है। छठ व्रत में 36 घंटे बिना खाए-पिए उपवास करना होता है, जिससे तबीयत बिगड़ने का खतरा बना रहता है। निर्जला व्रत रखने के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में, बॉडी को हाइड्रेट रखने के लिए आप कुछ घरेलू उपाय अपना सकते हैं। इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे तरीके बता रहे हैं, जिन्हें फॉलो करने से शरीर लंबे समय तक हाइड्रेट रहेगा और व्रत के दौरान आपको एनर्जी भी मिलेगी।
अगर आप छठ का व्रत रख रहे हैं, तो पूजा की तैयारी पहले से ही कर लें। व्रत वाले दिन घर का ज्यादा काम करने से आपको थकान महसूस होगी और प्यास भी ज्यादा लगेगी। ऐसे में, साफ- सफाई, सजावट और पूजा की अन्य तैयारियां पहले ही कर लेना बेहतर है।
अगर आप व्रत कर रहे हैं, तो केवल पूजा या जरूरी काम खुद करें। घर के काम या बाकी कामों के लिए परिवार के अन्य सदस्यों से मदद लें। इससे आप कम थकेंगे और आपकी एनर्जी भी बची रहेगी।
निर्जला व्रत रखने से पहले खूब पानी पीना बहुत जरूरी है। खासतौर पर, खरना वाले दिन रात में भोजन के बाद 2-3 गिलास पानी जरूर पिएं, ताकि आपका शरीर अच्छी तरह से हाइड्रेटेड रहे। इससे व्रत के दौरान शरीर को लंबे समय तक पानी की कमी महसूस नहीं होगी और शरीर में एनर्जी का स्तर भी बना रहेगा।
छठ व्रत से पहले शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए आपको नियमित तौर पर नारियल पानी का सेवन करना चाहिए। यह इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है, जिससे यह शरीर को तुरंत हाइड्रेशन प्रदान करता है। इसके सेवन से शरीर को कई तरह के विटामिन्स और मिनरल्स भी मिलते हैं, जो व्रत के दौरान ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं।
छठ व्रत से पहले ऐसे फलों और सब्जियों का सेवन करें, जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है। तरबूज, खरबूजा, संतरा, अनार और अंगूर जैसे फलों में पानी की मात्रा अधिक होती है। इसके अलावा, टमाटर, खीरा, पालक और लौकी जैसी सब्जियां भी शरीर को हाइड्रेट करने में सहायक होती हैं। व्रत से पहले इन फलों और सब्जियों का सेवन करने से शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद मिलेगी।
छठ व्रत से पहले चाय, कॉफी या सोडा जैसे कैफीन युक्त पेय पदार्थों का सेवन करने से बचना चाहिए। ये शरीर में डिहाइड्रेशन का कारण बन सकते हैं। इनके सेवन से आपको बार-बार प्यास लग सकती है। इसके बजाय सादे पानी, नींबू पानी या फलों के रस का सेवन बेहतर है।