
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Home Remedies For High Cholesterol: गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या लोगों में तेजी से बढ़ रही है। दरअसल, हमारे शरीर में दो तरह के कोलेस्ट्रॉल होते हैं, गुड कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) और बैड कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल)। गुड कोलेस्ट्रॉल शरीर में स्वस्थ कोशिकाओं के निर्माण के लिए जरूरी होता है। लेकिन बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने पर यह नसों में जमा हो जाता है और ब्लॉकेज का कारण बन सकता है। इसकी वजह से हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। ऐसे में, कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए अधिकतर लोग दवाइयों का सहारा लेते हैं। हालांकि, कुछ घरेलू उपायों की मदद से भी हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में मदद मिल सकती है। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही एक खास घरेलू नुस्खे के बारे में बताने वाले हैं, जो नसों में बैड कोलेस्ट्रॉल को जमने से रोक सकता है। तो आइए, जानते हैं इसके बारे में -
हाई कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए आप कुछ खास प्रकार की चीजों का सेवन कर सकते हैं। इसमें आप कुछ हेल्दी चाय को भी शामिल कर सकते हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल के मरीजों के लिए तुलसी की चाय का सेवन बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल, औषधीय गुणों से भरपूर तुलसी के पत्ते नसों में जमा गंदे कोलेस्ट्रॉल को बाहर निकालने में मदद कर सकते हैं। इनमें फ्लेवोनॉयड्स और टैनिन जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने और फैट के ऑक्सीकरण को रोकने में मदद कर सकते हैं। नियमित रूप से तुलसी की चाय का सेवन करने से एलडीएल के स्तर को कम करने में काफी हद तक मदद मिल सकती है। साथ ही, शरीर की सूजन को कम करने में भी मददगार साबित हो सकती है।
तुलसी की चाय बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में एक गिलास पानी गर्म कर लें। जब पानी हल्का गर्म हो जाए, तो इसमें 1-2 चाय पत्ती डाल दे। अब इसमें 5-6 तुलसी के पत्तों को धोकर डालें। आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा अदरक और काली मिर्च भी डाल सकते हैं। इसके बाद इसे 5-7 मिनट तक उबालें। इसके बाद इसे छानकर इसका सेवन करें। आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा शहद भी मिला सकते हैं।
कोलेस्ट्रॉल घटाने के लिए आप तुलसी की चाय का सेवन सुबह खाली पेट कर सकते हैं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से सेहत के कई लाभ मिल सकते हैं। इसके सेवन से कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने के लिए आप तुलसी की चाय का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि अगर आपकी स्थिति ज्यादा बिगड़ रही है, तो ऐसे में अपने हेल्थ एक्सपर्ट से संपर्क करें।