बढ़ते प्रदूषण में खांस-खांस कर हो गया है बुरा हाल? इन 5 उपायों से मिलेगी तुरंत राहत

Home Remedies For Cough Due To Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर की जहरीली हवा में खांसी से राहत पाने के लिए आप कुछ घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं। आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से –

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : October 31, 2024 1:31 PM IST

Home Remedies For Pollution Cough: दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ रहा वायु प्रदूषण चिंता का विषय बना हुआ है। राजधानी दिल्ली के साथ-साथ कई इलाके ऐसे हैं, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया है। बढ़ते प्रदूषण का लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है। जहरीली हवा की वजह से लोगों को सांस लेने में तकलीफ, खांसी और गले में खराश जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आजकल अधिकतर लोग खांसी की समस्या से परेशान हैं। खासतौर पर, रात में सोते समय सबसे ज्यादा खांसी आती है और खांस-खांसकर पेट और पसलियों में दर्द होने लगता है। वैसे तो खांसी को दूर करने लिए मार्केट में कई तरह के सिरप और दवाएं मौजूद हैं। लेकिन आप चाहें तो खांसी की समस्या से छुटकारा पाने के लिए कुछ घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे घरेलू उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके इस्तेमाल से आपकी खांसी छूमंतर हो सकती है। तो आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

अदरक

खांसी से छुटकारा पाने के लिए आप अदरक का सेवन कर सकते हैं। दरअसल, इसमें एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो खांसी की समस्या से राहत दिला सकते हैं। साथ ही, अदरक गले की खराश और दर्द को दूर करने में भी प्रभावी होता है। इसके लिए आप एक इंच अदरक का टुकड़ा उसमें एक चुटकी नमक मिला लें। अब इसे मुंह में रखकर चूसते रहें। इससे कुछ ही देर में खांसी आना बंद हो जाएगी।

शहद

खांसी की समस्या में शहद रामबाण इलाज है। इसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी मौजूद गुण होते हैं, जो खांसी और गले की जलन को कम करने में मदद करते हैं। इसके लिए एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद मिलाकर पिएं। इसके नियमित सेवन से आपको जल्द आराम महसूस होगा।

हल्दी

खांसी से राहत दिलाने में हल्दी काफी असरदार साबित हो सकती है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं, जो खांसी और गले के इन्फेक्शन को दूर करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप रोजाना रात में सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी मिलाकर सेवन करें। इससे आपको जल्द राहत मिल सकती है।

नमक के पानी से गरारे

नमक के पानी से गरारे करने से फेफड़ों और श्वसन प्रणाली को साफ करने में मदद मिलती है और खांसी दूर हो सकती है। साथ ही, इसके इस्तेमाल से गले की खराश और जलन से राहत मिल सकती है। इसके लिए एक कप गर्म पानी में आधा चम्मच नमक मिलाकर दिन में 2-3 बार गरारे करें। इससे आपको जल्द लाभ मिल सकता है।

तुलसी का काढ़ा

खांसी और गले में खराश की समस्या को दूर करने में तुलसी का काढ़ा बेहद फायदेमंद होता है। दरअसल, तुलसी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-वायरल गुण होते हैं, जो संक्रमण को दूर करने में मदद करते हैं। इसे बनाने के लिए पैन में एक गिलास पानी गर्म करें। इसमें 5-6 तुलसी की पत्ती, लौंग, अदरक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह उबाल लें। जब पानी आधा रह जाए, तो इसे छानकर इसका सेवन करें। दिन में 1 से 2 बार इसका सेवन करने से आपको खांसी से जल्द राहत मिल सकती है।

Disclaimer: हमारे लेखों में साझा की गई जानकारी केवल इंफॉर्मेशनल उद्देश्यों से शेयर की जा रही है इन्हें डॉक्टर की सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी बीमारी या विशिष्ट हेल्थ कंडीशन के लिए स्पेशलिस्ट से परामर्श लेना अनिवार्य होना चाहिए। डॉक्टर/एक्सपर्ट की सलाह के आधार पर ही इलाज की प्रक्रिया शुरु की जानी चाहिए।