
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : February 14, 2024 11:26 AM IST
Home Remedies For Uric Acid: आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण हाई यूरिक एसिड की समस्या लोगों में आम हो गई है। आपको बता दें कि यूरिक एसिड हमारे शरीर में मौजूद एक अपशिष्ट पदार्थ होता है, जो प्यूरीन नामक केमिकल के टूटने पर बनता है। वैसे तो किडनी इसे फिल्टर करके पेशाब के रास्ते शरीर से बाहर निकाल देती है। लेकिन जब किडनी ठीक तरह से काम नहीं कर पाती है, तो यह जोड़ों में क्रिस्टल के रूप में जमने लगता है। शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर जोड़ों में तेज दर्द और सूजन की समस्या हो सकती है। यूरिक एसिड के स्तर को कम करने के लिए आपको अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। ऐसी कई सब्जियां हैं, जो यूरिक एसिड को कम करने में फायदेमंद साबित हो सकती हैं। इन्हीं सब्जियों में लौकी भी शामिल है। लौकी की सब्जी यूरिक एसिड के मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद मानी जाती है। नियमित रूप से लौकी के जूस का सेवन करने से हाई यूरिक एसिड को कंट्रोल करने के मदद मिल सकती है। तो आइए, जानते हैं यूरिक एसिड में लौकी का जूस कैसे फायदेमंद है और इसे बनाने का तरीका।
यूरिक एसिड के स्तर को कंट्रोल करने के लिए लौकी का जूस बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें विटामिन-बी, विटामिन-सी, आयरन, फोलेट, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो हड्डियों से जुड़ी समस्याओं में बहुत फायदेमंद होते हैं। इसके अलावा, इसमें डिटॉक्सिफाइंग गुण भी मौजूद होते हैं, जो शरीर में मौजूद टॉक्सिंस को बाहर निकलने में मदद करते हैं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से जोड़ों में जमा यूरिक एसिड की बाहर निकालने में मदद मिलती है और गाउट की समस्या से बचाव होता है।
लौकी का जूस बनाने के लिए लौकी को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसे उबाल लें और फिर ठंडा कर लें। फिर इसे मिक्सी में अच्छी तरह पीस लें। अब इस जूस में थोड़ा सा नमक मिलाकर इसका सेवन करें। रोजाना सुबह खाली पेट इस जूस का सेवन करने से यूरिक एसिड के स्तर को कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही, जोड़ों के दर्द और सूजन से भी राहत मिल सकती है।
लौकी का जूस डायबिटीज रोगियों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसके नियमित सेवन से ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।
लौकी का जूस पीने से शरीर के बढ़े हुए वजन को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। दरअसल, इसमें कैलोरी की मात्रा काफी कम पाई जाती है, जिससे वजन घटाने में मदद मिल सकती है।
लौकी के जूस में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से गैस, अपच, कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है।
लौकी के जूस का सेवन करने से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद मिल सकती है। इसके नियमित सेवन से दिल से जुड़ी बीमारियों का जोखिम कम हो सकता है।
हाई यूरिक एसिड की परेशानी को दूर करने के लिए लौकी के जूस का सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि, अगर आपकी परेशानी ज्यादा बढ़ रही है, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।