कमर तक लंबे हो जाएंगे आपके बाल, बजट फ्रेंडली ये नुस्खे आएंगे आपके काम!

हेल्दी लाइफस्टाइल के साथ ही सही आहार से भी आप अपने बालों को मजबूत बना सकते हैं। इसी के साथ कुछ नेचुरल जड़ी बूटियां लगाकर भी आप अपने बालों को मजबूती दे सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : December 20, 2023 3:20 PM IST

'मेरे बाल बहुत झड़ रहे हैं','मेरे बाल लंबे ही नहीं होते', 'कुछ भी कर लो डैंड्रफ दूर नहीं होती' ये ऐसी प्रॉब्लम्स हैं जिनसे या तो आप खुद परेशान होंगे या फिर आपने अपने आस पास के लोगों को इससे जूझते हुए देखा होगा। दरअसल, हर किसी की चाहत होती है कि उनके बाल बहुत ही चमकीले, हेल्दी, काले रहें। हेल्दी लाइफस्टाइल के साथ ही सही आहार से भी आप अपने बालों को मजबूत बना सकते हैं। इसी के साथ कुछ नेचुरल जड़ी बूटियां लगाकर भी आप अपने बालों को मजबूती दे सकते हैं। खास बात यह है कि ये कैमिकल फ्री जड़ी बूटियां आपके बालों पर कोई साइड इफेक्ट नहीं करती हैं। इन्हें यूज करना बहुत ही आसान और बजट फ्रेंडली भी है।

बालों को घना करने वाली जड़ी-बूटी - Herbs For Hair Growth

आंवला है आपके लिए बेस्ट

आंवला एक सुपरफूड है। आयुर्वेद में इसे सेहत के लिए बहुत ही लाभकारी माना गया है। यह आपके बालों से लेकर नाखून तक को पोषण देने की ताकत रखता है। विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर आंवला नियमित रूप से खाने से आपके बाल मजबूत होते हैं। इतना ही नहीं यह बालों की ग्रोथ को भी बढ़ाते हैं। अगर आपके बाल समय से पहले सफेद होने लगे हैं तो आंवला आपकी यह परेशानी भी दूर करेगा। आप कच्चे आंवले के साथ ही इसका जैम, मुरब्बा, चटनी, जूस आदि का सेवन कर सकते हैं। यह आप पाउडर, चाय या कैंडी के रूप में भी खा सकते हैं।

भृंगराज है बहुत फायदेमंद

भृंगराज बालों के लिए शानदार जड़ी बूटियों में से एक है। भृंगराज तेल नियमित रूप से बालों में लगाने से बालों को मजबूती मिलती है। इसके साथ ही इसका पाउडर भी आसानी से मिल जाता है, जिसका पैक आप बालों में लगा सकते हैं। यह बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है और खोपड़ी का ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है, जिससे बाल स्वस्थ रहते हैं। सप्ताह में दो से तीन बार आपको बालों पर भृंगराज लगाना चाहिए। इससे गंजेपन की परेशानी भी दूर होती है।

एलोवेरा है नेचुरल कंडीशनर

एलोवेरा सिर्फ स्किन ही नहीं बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद है। यह खोपड़ी के पीएच लेवल को संतुलित करता है। इससे बालों को जड़ों से मजबूती मिलती है। यह एक नेचुरल कंडीशनर का भी काम करता है, जिससे बालों का रूखापन दूर होता है और दोमुंह के बालों की समस्या दूर होती है। हेयर फॉल रोकने और सीबम प्रोडक्शन रोकने में भी यह बहुत काम आता है।

रोम रोम को मजबूत करेगी मेथी

मेथी आपके बालों को मजबूती देती है। मेथी में एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी फंगल गुण होते हैं। इसी के साथ इसमें प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड भी होता है। यही कारण है कि ये छोटे-छोटे दाने बालों की बड़ी परेशानियों को दूर कर पाते हैं। इनसे बाल मजबूत होते हैं, डैंड्रफ खत्म होती है, बालों की ग्रोथ बढ़ती है, उनमें चमक आती है। आप मेथी के बीजों को रातभर भिगोएं, सुबह इसका पेस्ट बनाकर बालों में लगाएं। इस पेस्ट में दो चम्मच दही भी मिला सकते हैं। अगर आप पेस्ट नहीं लगा सकते तो रात भर भीगे मेथी के बीजों को दो कप पानी डालकर उबाल लें, फिर इस पानी से बालों को धोएं। आपके बालों पर नेचुरल चमक आ जाएगी।

नीम दूर करेगा डैंड्रफ

कभी कभी सिर में संक्रमण और डैंड्रफ के कारण भी बाल झड़ने लगते हैं। ऐसे में नीम की पत्तियां आपके बहुत काम आएंगी। नीम की पत्तियों में शक्तिशाली जीवाणुरोधी और एंटीफंगल गुण होते हैं। यही कारण है कि यह आपके सिर और बालों को अच्छे से साफ कर पाती हैं। संक्रमण दूर होने से बालों को मजबूती मिलती है और बालों की ग्रोथ बढ़ती है। आप नीम का पेस्ट बालों पर लगा सकते हैं। इसके साथ ही नीम के तेल का उपयोग भी फायदेमंद हो सकता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.