
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : February 19, 2024 8:01 AM IST
सर्दियां अभी भी बरकरार हैं और इसी के साथ कायम है इसके साथ आने वाली परेशानियां। वहीं जाती सर्दियां अक्सर मर्ज को और भी बढ़ा देती हैं। खासतौर पर जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों के लिए यह समय और भी मुश्किल भरा हो जाता है। इस मौसम में गठिया और पैरों में दर्द से परेशान लोगों की समस्याएं अक्सर बढ़ जाती हैं। कभी-कभी तो जोड़ों में दर्द व सूजन के कारण जमीन पर कदम रखना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि आप इस बात का ध्यान रखें कि मौसम के साथ यह परेशानियां और न बढ़ें। कुछ छोटी-छोटी सी कोशिशें आपको बड़ा आराम दिला सकती हैं।
जोड़ों की जकड़न से बचना है तो हमेशा अपने शरीर को गर्म रखने की कोशिश करें। हमेशा गर्म कपड़ें पहनें, लेकिन ये ज्यादा टाइट नहीं होने चाहिए। क्योंकि ज्यादा टाइट कपड़े पहनने से आपका ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है, जिससे परेशानियां बढ़ सकती हैं।
आजकल बाजार में ऐसे कई इलेक्ट्राॅनिक गैजेट आसानी से मिल जाते हैं, जिनकी मदद से आप जोड़ों की सिकाई कर सकते हैं। इससे आपको आराम मिलेगा। आप हीटिंग पैड, गर्म पानी की बोतल या फिर गर्म तौलिये का भी उपयोग कर सकते हैं। इससे जोड़ों की जकड़न कम होगी और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ेगा। आप मसाजर से मालिश भी कर सकते हैं।
जोड़ों की जकड़न खत्म करने के लिए आपको नियमित रूप से हल्की एक्सरसाइज करनी चाहिए। थोड़ी देर की वाॅकिंग, योगा आपके काम आ सकते हैं। अगर आपके जोड़ों में दर्द है तो कभी भी ज्यादा इंटेंस एक्सरसाइज न करें।
सर्दियों के मौसम में आमतौर पर लोग कम एक्टिव हो जाते हैं। रजाई में घंटों बैठने से आराम महसूस होता है। लेकिन ऐसा करने से आपके जोड़ों में जकड़न पैदा हो सकती है। इसलिए हर थोड़ी देर में आराम से ब्रेक लें। शरीर को स्ट्रेच करें और हल्की वाॅक करें। सबसे बेहतर है आप अपने दैनिक कार्यों को खुद करने की कोशिश करें।
कई बार जोड़ों में इतनी ऐंठन आ जाती है कि वो अचानक से मुड़ जाते हैं या कभी मुड़ते ही नहीं। ऐसे में उन्हें सपोर्ट देने के लिए ब्रेसिज, स्प्लिन्ट्स या सपोर्टस का उपयोग करें। इससे आपको सहारा मिलेगा।
जोड़ों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाता है आपका वजन। आपका वजन जितना ज्यादा होगा, जोड़ों पर दबाव भी उतना ही अधिक होगा। वैसे भी सर्दियों में अक्सर लोगों का वजन बढ़ जाता है। इसलिए हमेशा संतुलित आहार लें और वजन को कंट्रोल में रखें।
अपने आहार में कुछ बदलाव करके भी आप काफी हद तक जोड़ों के दर्द और सूजन से राहत पा सकते हैं। आप ड्राई फ्रूट्स, हरी पत्तेदार सब्जियां, ताजे फल और फैटी फिश अपनी डेली डाइट में शामिल करें। इनसे ऐंठन व सूजन कम होगी। इसी के साथ ओमेगा-3 फैटी एसिड, ग्लूकोसामाइन और हल्दी जैसे तत्वों का भी नियमित सेवन करें।
सर्दियों के मौसम में अक्सर लोग पानी कम पीने लगते हैं, जिससे जोड़ों में दर्द और जकड़न दोनों ही बढ़ जाती है। वहीं पर्याप्त पानी पीने से जोड़ों में चिकनाई बनी रहती है। इसलिए आवश्यतानुसार पानी का सेवन करें।