
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : November 30, 2023 12:17 PM IST
Garlic For Cholesterol: वर्तमान समय में हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या से काफी लोग परेशान हैं। दरअसल, कोलेस्ट्रॉल हमारे रक्त में पाया जाने वाला एक मोम जैसा पदार्थ होता है, जो शरीर में स्वस्थ कोशिकाओं के लिए जरूरी होता है। लेकिन शरीर में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा अधिक होने पर यह नसों में जमने लगता है और रक्त प्रवाह को प्रभावित करता है। इसकी वजह से हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हार्ट फेलियर जैसे दिल से जुड़े रोगों का खतरा बढ़ जाता है। शरीर में बढ़ते बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए हेल्दी डाइट लेना और रेगुलर एक्सरसाइज करना बहुत जरूरी है। इसके अलावा, कई ऐसे घरेलू नुस्खे भी हैं, जो बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में प्रभावी हो सकते हैं। ऐसी ही एक चीज है लहसुन, जो कोलेस्ट्रॉल को घटाने में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से दिल से जुड़ी समस्याओं का जोखिम कम होता और दिल को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। तो आइए, जानते हैं कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए लहसुन का सेवन किन-किन तरीकों से किया जा सकता है-
लहसुन का सेवन सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें ऐसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर की कई समस्याओं को दूर करने में मदद करते हैं। इसमें एलिसिन नामक तत्व पाया जाता है, जो बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के साथ ही शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाता है। इसके अलावा, लहसुन में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-वायरल, एंटी-फंगल और एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं, जो हाई ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं। साथ ही, दिल को स्वस्थ रखने में भी मदद करते हैं। एनसीबीआई पर छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, रोजाना 1 कली लहसुन का सेवन करने से शरीर में एलडीएल और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को कम करने में मदद मिल सकती है।
रोज सुबह खाली पेट 1 गिलास पानी के साथ 2 लहसुन की कलियों को कूटकर खाने से काफी लाभ हो सकता है। यह कोलेस्ट्रॉल को घटाने के साथ-साथ इम्यूनिटी मजबूत करने में भी असरदार हो सकता है। इसके सेवन से पाचन तंत्र मजबूत बनता है।
लहसुन और शहद का एक साथ सेवन करने से भी कोलेस्ट्रॉल घटाने में काफी मदद मिल सकती है। इसके लिए एक लहसुन को कूट लें। फिर इसमें थोड़ा-सा शहद मिलाकर खा लें। रोज सुबह खाली पेट इस मिश्रण का सेवन करने से बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिलेगी। यह एसिडिटी की दिक्कत को भी दूर कर सकता है।
कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए भुने हुए लहसुन का सेवन किया जा सकता है। इसके लिए रोज सुबह खाली पेट 1-2 लहसुन की कली को भूनकर खाएं। यह कोलेस्ट्रॉल घटाने के साथ-साथ सर्दी और जुकाम से भी राहत दिला सकता है।
शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल करने के लिए आप लहसुन और नींबू का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए आप रोजाना सुबह खाली पेट एक चम्मच लहसुन और नींबू का रस पिएं। इससे शरीर में जमा बैड कोलेस्ट्रॉल को बाहर निकालने में मदद मिल सकती है।