
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : September 2, 2023 5:39 PM IST
नीम की पत्तियों के कड़वे स्वाद से हम अनजान नहीं हैं। साथ ही इन पत्तियों के अद्भुत स्वास्थ्य लाभों और औषधीय गुणों से भी अनजान नहीं। हम अक्सर अपने माता-पिता और दादा-दादी को इन पत्तियों के औषधीय गुणों के बारे में बात करते हुए सुनते हैं और वे हमें इनका सेवन करने की सलाह भी देते हैं। यही नहीं, किशोर बच्चों को नीम की पत्तियों से बने पेय खाली पेट पीने के लिए भी कहा जाता है। आइए जानते हैं इसके पीछे का कारण।
खाली पेट नीम की पत्तियों का सेवन आंत और आहार नलिका को कीटाणुओं से बचाता है। दरअसल, आजकल बिगड़ी जीवन शैली और अनहेल्दी खानपान की वजह से हमारा पेट बहुत से संक्रमणों से घिरा रहता है। ऐसे में नीम की पत्तियों का सेवन हमारे पेट को बीमारियों का घर बनने से रोक सकता है।
खाली पेट नीम की पत्तियों का सेवन करने का एक और फायदा यह है कि यह लिवर को स्वस्थ रखता है। नीम की पत्तियों के एंटी इंफ्लेमेटरी गुण, मुक्त कणों के कारण होने वाले ऑक्सीडेटिव तनाव से लड़ते हैं। जिससे ऑक्सीडेटिव तनाव लिवर के ऊतकों को नुकसान नहीं पहुंचा पाता।
नीम का कड़वा स्वाद ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करता है। अगर आपको ब्लड शुगर की समस्या है तो नीम की पत्तियों का सेवन कर सकते हैं। नीम के पत्तों का सेवन न केवल डायबिटीज कंट्रोल करता है बल्कि अन्य बहुत से स्वास्थ्य लाभ भी दे सकता है।
नीम की पत्तियों का सबसे अधिक उपयोग पेट से संबंधित समस्याओं को ठीक करने में होता है। इनमें सबसे आम है कब्ज और पेट की सूजन। नीम की पत्तियों में मौजूद फाइबर मल त्याग को आसान बना सकते हैं और सूजन से भी राहत दिला सकते हैं।
एक समय में बहुत सारी नीम की पत्तियों का सेवन न करें। बहुत से लोग सोचते हैं कि जितना अधिक वे अच्छा खाना खाएंगे, उतना ही बेहतर पोषण उन्हें मिलेगा। लेकिन सीमित मात्रा में ही नीम का सेवन करें। याद रखें कि ये दवा का विकल्प नहीं है। यदि आपको कोई शारीरिक समस्या है, तो पहले अपने डॉक्टर से सलाह लें। अपनी डाइट में किसी भी तरह के बदलाव से पहले एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहद जरूरी है।