
Also Read
कहते हैं पेट सही तो सेहत सही यानी अगर आपका पाचन तंत्र ठीक है तो आप सेहतमंद हैं और कई बीमारियों से बचे हुए हैं। वहीं कब्ज, दस्त, गैस, अपच आदि पाचन संबंधी परेशानियां इस ओर इशारा करती हैं कि शरीर के अंदर कुछ गड़बड़ चल रही है। कई बार पेट से जुड़ी ये समस्याएं हमारी बिगड़ी हुई लाइफस्टाइल, गलत खानपान, लंबे समय तक बैठकर काम करने आदि के कारण भी होती हैं। अगर आप भी अक्सर पेट से संबंधित बीमारियों से जूझते हैं तो आयुर्वेद में इसके रामबाण इलाज मौजूद हैं। आयुर्वेद में ऐसी कई जड़ी बूटियां हैं जो बिना किसी साइड इफेक्ट के आपकी पेट की परेशानियों को दूर कर देंगी।
हींग भारतीय व्यंजनों का अहम हिस्सा है। इसे आयुर्वेद में भी बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। हींग बच्चों से लेकर वयस्कों तक की पेट की परेशानियों को दूर करती है। यह सूजन रोकने और पाचन बढ़ाने के काम आती है। यह पाचन अग्नि को प्रज्वलित करती है, विषाक्त पदार्थों को शरीर से बाहर निकालती है और मेटाबाॅलिज्म को भी सही करती है।
ऐसे करें उपयोग: अगर आप गैस की समस्या से परेशान हैं तो चौथाई टीस्पून देसी घी में चुटकी भर हींग मिलाकर नाभि पर लगाएं, आपको आराम मिलेगा। कब्ज से परेशान हैं तो रात को सोते समय चुटकी भर हींग में समान मात्रा में मीठा सोडा मिलाकर पानी से साथ खाएं, पेट अच्छे से साफ होगा। छोटे बच्चों के पेट में दर्द होने पर पानी में हींग मिलाकर नाभि पर लगाएं।
अदरक भारतीय व्यंजनों का ही नहीं आयुर्वेद का भी अहम हिस्सा है। इसमें जिंजरोल नामक तत्व मौजूद होता है, जिससे पाचन तंत्र में सुधार होता है। अदरक के नियमित सेवन से गैस, एसिडिटी, कब्ज, पेट फूलना जैसी समस्याओं से राहत मिलती है। यह एक प्राकृतिक सूजन रोधी खाद्य पदार्थ है, जो पाचन को तेज करता है।
ऐसे करें उपयोगः दिन की शुरुआत आप अदरक वाली चाय से करें। इसके लिए एक कप पानी में अदरक और शक्कर डालकर उसे अच्छे से उबालें। अब इस चाय को छानकर इसका सेवन करें।
आपने देखा होगा कि अक्सर लोग भोजन के बाद सौंफ खाते हैं, रेस्टोरेंट्स में भी खाने के बाद सौंफ दी जाती है। ऐसा इसलिए किया जाता है, क्योंकि इससे भोजन पचने में आसानी होती है। फाइबर से भरपूर सौंफ प्राकृतिक वातहर औषधि है। यह पाचन को सुचारू करती है और गैस व सूजन से राहत दिलाती है। यह कब्ज की समस्या को भी दूर करती है।
ऐसे करें उपयोगः सौंफ का पानी आपकी कई परेशानियां दूर करेगा। आप रात में एक चम्मच सौंफ को एक गिलास पानी में भिगो दें। सुबह इस पानी को छानकर खाली पेट पी लें। इससे न सिर्फ आपका पाचन तंत्र सुधरेगा, बल्कि आपका वजन भी कम होगा।
एलोवेरा जूस गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल के साथ ही एसिड रिफ्लक्स, गैस और कब्ज की परेशानी दूर करता है। यह आपके पाचन तंत्र को मजबूत कर पेट की अच्छे से सफाई करने में मदद करता है। खाली पेट एलोवेरा का जूस पीने से आपका शरीर डिटॉक्स होता है। यह आपकी आंतों की सेहत में भी सुधार करता है।
ऐसे करें उपयोग: एलोवेरा जूस आसानी से बाजार में मिल जाता है। आप चाहें तो इसे घर में भी आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए ताजा एलोवेरा की पत्तियों को काटकर इसका गूदा निकाल लें। अब इस गूदे में आधा गिलास पानी मिलाएं और इसे मिक्सी में पीस लें। जब ये अच्छे से पिस जाए तो इसमें काला नमक और नींबू मिलाएं। इस ताजे जूस को पीने से आपको कई फायदे होंगे।