
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : December 23, 2023 7:01 AM IST
ठंड के मौसम में आमतौर पर त्वचा संबंधी कई परेशानियां उभरने लगती हैं। वहीं अगर आप सोरायसिस और एक्जिमा जैसी गंभीर स्किन प्रॉब्लम से पीड़ित हैं तो सर्दियों में आपकी परेशानी और भी बढ़ सकती है। दरअसल, इस मौसम में वातावरण में आर्द्रता बहुत कम होती है। शुष्कता के कारण हमारी स्किन की प्राकृतिक नमी छिन जाती है। ऐसे में स्किन काफी संवेदनशील हो जाती है। वहीं आमतौर पर इस मौसम में लोग गर्म पानी से स्नान करते हैं, जिसके कारण भी स्किन शुष्क हो जाती है। दूसरी ओर ठंड से बचाव के लिए हम मोटे उनी कपड़े पहनते हैं, रजाइयों में रहते हैं, जिससे सूरज की रोशनी स्किन पर कम पड़ती है। शोध बताते हैं कि सूरज की रोशनी कम होने और शुष्क त्वचा के कारण सोरायसिस और एक्जिमा का मर्ज ट्रिगर हो जाता है। हालांकि कुछ आसान तरीके अपनाकर आप इन बीमारियों को कंट्रोल कर सकते हैं। क्या हैं ये तरीके, चलिए जानते हैं।
सोरायसिस और एक्जिमा जैसी गंभीर स्किन प्रॉब्लम से बचाव का एक आसान तरीका है ऑर्गेनिक तेलों का उपयोग। नारियल, सूरजमुखी, जैतून जैसे तेल हमारी स्किन के लिए बहुत अच्छे हैं, ये नेचुरल मॉइस्चराइजर के रूप में काम करते हैं। खास बात यह है कि ये स्किन में आसानी से अवशोषित हो जाते हैं। जिससे स्किन रूखी नहीं रहती और सोरायसिस व एक्जिमा कंट्रोल में रहता है। इन तेलों से स्किन की सूजन और दर्द दोनों ही कम होते हैं। नेशनल एक्जिमा एसोसिएशन के अनुसार, नारियल का तेल रोगाणुरोधी गुणों से भरपूर होता है, जिससे स्किन इंफेक्शन दूर होता है। बेहतर रिजल्ट के लिए आप हमेशा कोल्ड-प्रेस्ड नारियल तेल का उपयोग करें।
ये बात हम सभी जानते हैं कि केमिकल हमारी स्किन को खराब कर देते हैं। ऐसे में अपनी स्किन पर हमेशा हर्बल प्रोडक्ट्स यूज करें। अपनी स्किन केयर रूटीन में हल्दी, एलोवेरा जैसे नेचुरल प्रोडक्ट शामिल करें। एलोवेरा जेल विटामिन ए व ई से भरपूर होता है। 96 प्रतिशत तक पानी से भरा एलोवेरा जेल कार्बनिक मॉइस्चराइजर का काम करता है। इसके नियमित उपयोग से स्किन हाइड्रेट रहती है। यह स्किन की कई समस्याओं को आराम से दूर कर देता है। वहीं हल्दी एंटीसेप्टिक के रूप में काम करती है। इसके उपयोग से सूजन, खुजली, लालिमा कम होती है। साथ ही यह स्किन इंफेक्शन को दूर करता है। ऐसे में ये दोनों ही नेचुरल प्रोडक्ट सोरायसिस और एक्जिमा को कम करते हैं।
सेहतमंद स्किन के लिए यह जरूरी है कि उसे अंदर से पोषण मिले। ये तभी संभव है जब आप पौष्टिक तत्वों से भरी एक संतुलित डाइट लें। अपनी डाइट में फलों और सब्जियों का सेवन अधिक करें। साथ ही विटामिन, आयरन, मिनरल्स, ओमेगा 3 फैटी एसिड से भरपूर डाइट लें। संतुलित आहार से सोरायसिस और एक्जिमा जैसे रोगों से आराम मिल सकता है।
आपकी स्किन पर आपके कपड़ों का असर भी पड़ता है। इसलिए टाइट कपड़ों की जगह ढीले आरामदायक कपड़ों को चुनें। कॉटन के कपड़ों को हमेशा प्राथमिकता दें, क्योंकि इससे स्किन सांस ले पाती है। जिससे एक्जिमा से भी सुरक्षा मिलती है। साथ ही सूती कपड़े आपकी स्किन पर रेशैज नहीं करते, ये स्किन की नमी भी बनाए रखते हैं।