
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : December 18, 2024 1:42 PM IST
Home Remedies For Sinus: साइनस या साइनोसाइटिस, नाक से जुड़ा एक इंफेक्शन है। इस बीमारी में नाक के मार्ग के आसपास की गुहाओं में सूजन आ जाती है, जिसकी वजह से सांस लेने में परेशानी होती है। इसके अलावा, साइनस की समस्या में नाक बंद होना, सिरदर्द, बलगम, नाक से पानी गिरना और चेहरे पर सूजन जैसी समस्याएं भी हो सकती है। साइनस की परेशानी एलर्जी, बैक्टीरिया, फंगल इंफेक्शन, मौसम में बदलाव, नाक की हड्डी बढ़ना या अस्थमा के कारण हो सकती है। मुख्य रूप से, सर्दियों के मौसम में साइनस की परेशानी काफी बढ़ जाती है। अगर इसका समय पर इलाज न किया जाए, तो कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आप भी सर्दियों में साइनस की समस्या से परेशान रहते हैं, तो कुछ घरेलू उपायों की मदद से इससे छुटकारा पा सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ घरेलू उपायों के बारे बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप साइनस की समस्या से आराम पा सकते हैं। तो आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -
भाप लेने से श्वसन मार्ग को खोलने में मदद मिलती है और कंजेशन से राहत मिल सकता है। यह नाक में जमा बलगम को पतला करने में मदद करता है, जिससे सांस लेना आसान हो जाता है। अगर आप साइनस की समस्या से राहत पाना चाहते हैं, तो नियमित रूप से दिन में 1-2 बार स्टीम जरूर लें। आप चाहें तो भाप के पानी में कपूर, पुदीने का तेल या नीलगिरी का तेल डाल सकते हैं। इससे आपको काफी लाभ होगा।
अदरक में एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो साइनस की सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, यह बंद नाक और साइनस से जुड़े सिरदर्द से भी राहत दिला सकता है। इसके लिए आप अदरक की चाय का सेवन कर सकते हैं। दिन में 2 से 3 बार इसका सेवन करने से आपको साइनस की समस्या से जल्द आराम मिल सकता है।
साइनस की समस्या से राहत दिलाने में हल्दी काफी प्रभावी साबित हो सकती है। दरअसल, इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो साइनस की समस्या को कम करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप रात को सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी डालकर पिएं। इसके नियमित सेवन से शरीर की इम्यूनिटी बूस्ट होगी और साइनस से जल्द राहत मिल सकती है।
साइनस की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप लहसुन का सेवन कर सकते हैं। दरअसल, इसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं, जो संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। इसके लिए आप 2-3 लहसुन की कलियों को छीलकर पीस लें। फिर इसे गर्म पानी में मिलाकर इसका सेवन करें। आप चाहें तो अपने खाने में भी इसे शामिल कर सकते हैं।
साइनस की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप दालचीनी का प्रयोग कर सकते हैं। दरअसल, यह संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया को नष्ट कर सकती है। साथ ही, सूजन से भी राहत दिलाने में मदद कर सकती है। इसके लिए आप एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच दालचीनी पाउडर मिलाकर पिएं। दिन में एक से दो बार इसका सेवन करने से आपको जल्द राहत मिल सकती है।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।