
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : May 1, 2025 7:08 PM IST
Washing hair with RO water water: बालों का झड़ना आज के समय में एक आम समस्या बनती जा रही है और लोग इससे निपटने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। लेकिन देखा जा रहा है कि ज्यादातर लोगों का हेयर फॉल रुकने का नाम ही नहीं लेता, न जाने वे कितने प्रकार के हेयर केयर प्रोडक्ट्स, दवाएं और घरेलू नुस्खे अपना लेते है। ऐसा आमतौर पर तब होता है, जब बाल झड़ने के पीछे कोई और कारण हो, जैसे कि शारीरिक बीमारी, शरीर में पोषक तत्वों की कमी, खराब वातावरण या खराब पानी। हमारे देश में एक बड़ी आबादी आज भी अपने बालों को धोने के लिए पानी की क्वालिटी पर ध्यान नहीं देती है और यह बाल झड़ने के प्रमुख कारणों में से एक माना जाता है। हमारे देश के ज्यादातर हिस्सों में आज भी हार्ट वाटर यानी कठोर पानी का इस्तेमाल किया जाता है, जो स्किन और बालों को लिए नुकसानदायक होता है और इससे हेयर फॉल होने की समस्या बढ़ जाती है। आज के समय में स्वच्छ और सुरक्षित पानी का उपयोग न केवल पीने के लिए, बल्कि त्वचा और बालों की देखभाल में भी अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है। फिल्टर किए गए पानी से बाल धोना कई तरीकों से लाभकारी होता है, विशेषकर जब नल का पानी हार्ड यानी खनिजों से भरपूर हो।
फिल्टर किया गया पानी आमतौर पर हार्ड वाटर में पाए जाने वाले हानिकारक खनिजों जैसे कि कैल्शियम, मैग्नीशियम और क्लोरीन को हटा देता है। ये खनिज बालों को रूखा, बेजान और उलझा हुआ बना सकते हैं। फिल्टर किया गया पानी बालों की प्राकृतिक नमी को बनाए रखता है जिससे बाल नरम और चमकदार दिखते हैं।
क्लोरीन और अन्य रसायन स्कैल्प को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं। फिल्टर किए गए पानी में ये तत्व नहीं होते, जिससे बालों की जड़ों को सुरक्षा मिलती है और बाल झड़ने की समस्या कम होने लगती है।
फिल्टर किए गए पानी से बाल धोने पर झाग बेहतर बनता है और बाल आसानी से साफ हो जाते हैं, जिससे शैम्पू और कंडीशनर की मात्रा कम लगती है। हार्ड वाटर स्कैल्प को ड्राई और खुजलीदार बना सकता है, जिससे डैंड्रफ की समस्या हो सकती है। फिल्टर किया गया पानी स्कैल्प को बेहतर तरीके से साफ करता है और उसकी नमी को बनाए रखता है, जिससे डैंड्रफ की समस्या कम होती है।
कलर ट्रीटेड बालों पर हार्ड वाटर का असर जल्दी रंग उड़ाने वाला होता है। फिल्टर किया गया पानी रंग को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद करता है। अगर आप बालों की गुणवत्ता सुधारना चाहते हैं, तो फिल्टर के पानी का इस्तेमाल एक सरल लेकिन प्रभावी कदम हो सकता है। यह बालों को प्राकृतिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में सहायक है।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।