Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
-
- हिंदी
सर्दियां शुरू होते ही मेरी बुआ परेशान हो जाती हैं। ऐसा इसलिए नहीं कि उन्हें ठंड ज्यादा लगती है, बल्कि उन्हें गठिया की बीमारी है, जो सर्दियों में बढ़ जाती है। सर्दियों में गठिया रोगियों में जोड़ों में दर्द और सूजन जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। सर्दियों में जोड़ों में अकड़न भी हो जाती है। खासकर, सुबह और रात में गठिया रोगियों की दिक्कत बढ़ जाती है। इसलिए सर्दियों में गठिया रोगियों को अपना ज्यादा ख्याल रखना जरूरी होता है। हालांकि, मेरी बुआ सर्दियों में गठिया के लक्षणों को कम करने के लिए कई उपाय आजमाती हैं, जिनसे उन्हें आराम भी मिलता है। दरअसल, सर्दियों में तापमान कम होने की वजह से जोड़ों के आसपास की मांसपेशियां और टिशू सख्त हो जाते हैं। इससे जोड़ों की मूवमेंट कम होती है और दर्द-सूजन जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। अगर आपको भी गठिया है, तो आप इससे राहत पाने के लिए कुछ टिप्स आजमा सकते हैं।
मेरी बुआ गठिया की मरीज हैं और सर्दियों में उनका दर्द काफी बढ़ जाता है। ऐसे में गठिया के दर्द और सूजन को कम करने के लिए वह गुनगुने पानी से सिंकाईकरती हैं। वह गुनगुने पानी से ही नहाती भी हैं। इससे जोड़ों के दर्द से राहत मिलती है। आप सिंकाई करने के लिए गुनगुने पानी में थोड़ा-सा सेंधा नमक मिलाकर पैर डालें। इससे आपकी मांसपेशियां रिलैक्स होंगी और दर्द से तुरंत राहत मिलेगा।
गठिया रोगियों को जोड़ों में सूजन और दर्द अक्सर बना रहता है। खासकर, सर्दियों में ये समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में हल्की स्ट्रेचिंग करना फायदेमंद होता है। गठिया के दर्द को कम करने के लिए मेरी बुआ हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग जरूर करती हैं। इससे मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूती मिलती है। शरीर में फ्लैक्सिबिलिटी भी बनी रहती है। अगर आप स्ट्रेचिंग करेंगे तो इससे शरीर की अकड़न भी दूर होगी। इससे ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है और अकड़न कम होती है।
गठिया की वजह से सर्दियों में सूजन और दर्द बढ़ जाता है। शरीर की सूजन कम करने के लिए बुआ एंटी-इंफ्लेमेटरी यानी सूजन कम करने वाले खाद्य पदार्थोंका सेवन करती हैं। वह अपनी डाइट में लहसुन, अदरक, सूप, हल्दी वाला दूध और मौसमी सब्जियों को शामिल करती हैं। गठिया की वजह से वह तला-भुना और ठंडी तासीर की चीजों से भी परहेज करती हैं।
गठिया रोगियों के लिए समय-समय पर दवा लेना बहुत जरूरी होता है। इससे उनको जोड़ों के दर्द और सूजन में आराम मिलता रहता है। अगर आप दवा नहीं लेंगे, तो इससे गठिया के लक्षण बिगड़ सकते हैं और आपको ज्यादा दिक्कत हो सकती है।
Disclaimer : प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।