
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : December 31, 2023 10:27 AM IST
नींबू की खुशबू वाली घास यानी लेमनग्रास न सिर्फ आपका मूड ठीक रखने में मददगार होती है, बल्कि यह आपकी सेहत के लिए बेहद लाभदायक है। लेमन ग्रास का वैज्ञानिक नाम सिंबोपोगों सिट्रेटस है। इसकी खासियत यह है कि यह सूखी और ताजा दोनों ही रूपों में सेहतमंद है। एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटीसेप्टिक, एंटीफंगल, एंटीबैक्टीरियल, एंटीपयरेटिक, एनाल्जेसिक, एंटीडिप्रेसेंट, एंटी-एजिंग, कैंसर विरोधी और कसैले जैसे गुणों से भरपूर लेमन ग्रास टी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर आप कई स्वास्थ्य लाभ पा सकते हैं। क्या हैं गुणकारी लेमन ग्रास टी के फायदे, चलिए जानते हैं।
लेमन ग्रास की चाय का नियमित सेवन करने से आपका पाचन तंत्र सुधरता है। इससे कब्ज, अपच, पेट दर्द, ऐंठन, गैस जैसी कई परेशानियां दूर होती हैं। यह आंतों को स्वस्थ रखने में भी मददगार होती है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ में प्रकाशित एक शोध के अनुसार लेमनग्रास गैस्ट्रिक अल्सर के जोखिम को कम करती है। लेमन ग्रास की पत्तियों का तेल पेट की परत को एस्पिरिन और इथेनॉल से होने वाले नुकसान से बचाता है।
लेमन ग्रास टी दिल की बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मेमोरियल स्लोअन केटरिंग कैंसर सेंटर के अनुसार लेमनग्रास में सिट्रल और गेरानियम नामक दो सूजनरोधी यौगिक होते हैं। जिनसे शरीर की सूजन कम होती है, जो कई बार हार्ट अटैक या स्ट्रोक का कारण बनती है। ऐसे में इसका नियमित सेवन फायदेमंद है।
लेमनग्रास की खुशबू बहुत ही शानदार होती है। यही खुशबू आपकी टेंशन को कम करती है। जब आप लेमन ग्रास की चाय का सेवन करते हैं तो इसके अरोमा से आपकी चिंता और तनाव कम होते हैं। यह अनिद्रा की परेशानी भी दूर करती है।
लेमनग्रास टी में कई विटामिन और खनिज होते हैं, जिससे शरीर की इम्यूनिटी बढ़ती है। इसके नियमित सेवन से आप कई बीमारियों से बच सकते हैं। जर्नल ऑफ एग्रीकल्चर एंड फूड केमिस्ट्री में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, लेमनग्रास में कई एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर में मुक्त कणों को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इतना ही नहीं इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट कोरोनरी धमनियों के अंदर कोशिकाओं की शिथिलता को रोकने में मदद कर सकते हैं।
अगर आप बेदाग, ग्लोइंग स्किन चाहते हैं तो लेमन ग्रास टी जरूर पिएं। लेमन ग्रास टी को अपनी दिनचर्या में शामिल करने वाले लोगों की स्किन काफी अच्छी होती है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और पोषक तत्व त्वचा को साफ करते हैं। इससे मुंहासों की समस्या भी दूर होती है। एंटीबैक्टीरियल और एंटी-एजिंग गुणों के कारण यह आपकी स्किन को जवां बनाए रखती है।
लेमन ग्रास की चाय में रोगाणुरोधी गुण होते हैं। ऐसे में यह आपकी ओरल हेल्थ के लिए बहुत अच्छी है। इससे मुंह के संक्रमण और कैविटी जैसी परेशानियां दूर हो सकती हैं। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की एक रिपोर्ट के अनुसार लेमन ग्रास के तेल में स्ट्रेप्टोकोकस म्यूटन्स बैक्टीरिया से लड़ने की क्षमता होती है, जिससे मुंह की बदबू खत्म होती है।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.