पेट दर्द और गैस से जल्द आराम दिला सकती है अजवाइन, इन 4 तरीकों से करें सेवन

Ajwain For Stomach Pain And Gas: पेट दर्द और गैस की समस्या में अजवाइन का उपयोग घरेलू नुस्खे के तौर पर किया जा सकता है। इसके लिए आप अजवाइन का सेवन इन 4 तरीकों से कर सकते हैं।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : September 8, 2023 11:26 AM IST

Ajwain For Stomach Pain And Gas: भारतीय घरों में अजवाइन का इस्तेमाल मसाले के रूप में किया जाता है। अधिकतर लोग सब्जी, दाल, सूप या चाय में इसका उपयोग करते हैं। अजवाइन न सिर्फ खाने के स्वाद को बढ़ाती है, बल्कि स्वास्थ्य को भी कई लाभ पहुंचाती है। खासतौर पर, पाचन स्वास्थ्य के लिए अजवाइन काफी फायदेमंद मानी जाती है। पेट से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए अजवाइन का उपयोग प्राचीन काल से किया जाता रहा है। अजवाइन में थायमोल नामक यौगिक पाया जाता है, जो गैस्ट्रिक रस के  उत्पादन को बढ़ाने में मदद करता है। इसके अलावा, इसमें एंटी-माइक्रोबियल गुण होते हैं, जो पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करने में मदद करते हैं। अजवाइन का सेवन करने से पेट में दर्द और गैस की समस्या में तुरंत आराम मिल सकता है। साथ ही, एसिडिटी, कब्ज और अपच से भी राहत मिल सकती है। तो आइए, जानते हैं पेट दर्द और गैस की समस्या में अजवाइन का सेवन कैसे करें -

अजवाइन के बीज चबाकर खाएं

पेट दर्द से राहत पाने के लिए आप अजवाइन के बीज चबाकर खा सकते हैं। इससे पेट की गैस आसानी से बाहर निकल जाएगी और ब्लोटिंग से भी राहत मिलेगी। इसके लिए एक चम्मच अजवाइन को मुंह में रखकर अच्छी तरह से चबाएं। रोजाना सुबह खाली पेट अजवाइन का सेवन करने से पाचन क्रिया बेहतर हो सकती है।

अजवाइन की चाय

पेट से जुड़ी समस्याओं को ठीक करने के लिए आप अजवाइन की चाय का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास पानी में एक चम्मच अजवाइन डालकर अच्छी तरह उबाल लें। जब पानी आधा रह जाए, तो इसे छानकर पी लें। इससे आपको पेट दर्द और गैस की समस्या से जल्द राहत मिल सकती है।

अजवाइन और अदरक का काढ़ा

अजवाइन की तरह अदरक भी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एनाल्जेसिक गुण पाए जाते हैं। पेट दर्द होने पर आप अजवाइन और अदरक का काढ़ा बनाकर पी सकते हैं। इसके लिए आप एक बर्तन में एक गिलास पानी गर्म करें। इसमें एक चम्मच अजवाइन और अदरक का टुकड़ा डालकर उबाल लें। फिर इसे छानकर इसका सेवन करें।

अजवाइन और हींग

अजवाइन को हींग के साथ मिलाकर लेने से पेट दर्द से जल्द राहत मिल सकती है। इसके लिए आप एक चम्मच अजवाइन को एक चुटकी हींग के साथ मिक्स कर लें। रोजाना सुबह-शाम खाने के बाद इसका सेवन करें। इससे पाचन बेहतर होगा और पेट की समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।

अजवाइन का सेवन पेट दर्द और गैस की समस्या में काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि, अगर आपकी समस्या अधिक बढ़ रही है, तो डॉक्टर से परामर्श लें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source