
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : May 17, 2024 10:41 PM IST
Kishmish Water For Liver Cleanse: आज की आधुनिक जीवन शैली ने लिवर को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। ज्यादा मीठा, असंतुलित आहार, ट्रांस फैट, सोडियम, नमक, तनाव, चिंता, धूम्रपान, शराब आदि सभी लिवर पर विपरीत असर डालते हैं। लिवर की सेहत बिगड़ने से आपके शरीर का पूरा सिस्टम गड़बड़ा सकता है। ऐसे में बहुत जरूरी है कि आप अपने शरीर के इस अभिन्न अंग की सेहत का पूरा ध्यान रखें। आज हम आपको बताने जा रहे हैं एक ऐसा घरेलू आयुर्वेदिक ड्रिंक (Liver Detox Drink) जिसे पीने से आपका लिवर सेहतमंद रहेगा।
किशमिश को आयुर्वेद में हमेशा से ही बहुत महत्व दिया गया है। इसमें कई गुण हैं। वहीं इसका पानी और भी गुणकारी है। यह लिवर को ज्यादा प्रभावी तरीके से काम करने के लिए तैयार करता है। इससे रक्त से विषाक्त पदार्थ आसानी से निकल जाते हैं। यह रक्त शर्करा के स्तर को भी नियंत्रित करता है। आइए इसके अन्य गुणों के बारे में जानते हैं विस्तार से।
किशमिश के मीठे पानी में बायो फ्लेवोनॉयड्स और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। ये दोनों ही रक्त से हानिकारक विषाक्त पदार्थों से छुटकारा दिलाते हैं। साथ ही मुक्त कणों से शरीर की रक्षा करते हैं। ऐसे में लिवर अपने काम को अधिक सुचारू रूप से कर पाता है।
लिवर को सेहतमंद रखने के साथ ही किशमिश का पानी आपकी हड्डियों को भी मजबूती देता है। यह कैल्श्यिम का अच्छा स्रोत है। इससे ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा भी कम होता है। क्योंकि इसकी मदद से शरीर आसानी से कैल्शियम को पचा पाता है।
शरीर में आयरन की कमी होना एक खतरनाक स्थिति है। इससे एनीमिया का खतरा बढ़ जाता है। खून की कमी का असर लिवर पर भी पड़ता है। किशमिश का पानी आपको इन सभी परेशानियों से बचाता है। ये फलों और सब्जियों से कहीं ज्यादा असरदार है। ऐसे में इसे नियमित रूप से अपने आहार में शामिल करें। रोज सुबह किशमिश का पानी पीने से आपको भरपूर एनर्जी मिलती है।
किशमिश में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। इसकी मदद से हानिकारक पदार्थ आसानी से शरीर से बाहर निकल जाते हैं। यह आंतों को हानिकारक बैक्टीरिया से बचाती है, जिससे सूजन कम होती है। इससे पेट में एसिड बनने की प्रक्रिया भी धीमी होती है।
किशमिश का पानी बनाना बेहद आसान है। इसके लिए आप 250 ग्राम किशमिश लें। इसे अच्छे से पानी से धो लें। अब एक बर्तन लें और उसमें एक लीटर पानी डालें। इसमें किशमिश डालकर 20 मिनट उसे उबालें। फिर गैस बंद करके रातभर इसे पैन में ही छोड़ दें। सुबह इसे छानकर बोतल में भर लें। इस पानी को आप फ्रिज में रखें। चार दिनों तक इसका सेवन करें। प्रतिदिन करीब 150 से 200 मिलीलीटर पानी आप पिएं। फिर नया पानी तैयार करें।