
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : December 21, 2023 5:25 PM IST
सर्दी के मौसम में खांसी, जुकाम, नाक बहना, नाक बंद होना जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। इन सभी परेशानियों का रामबाण इलाज है 'ब्लैक गोल्ड' यानी काली मिर्च। काली मिर्च भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है। सर्दी से जुड़ी तमाम स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने के लिए हमारी दादी-नानी सालों से काली मिर्च का उपयोग करती आ रही हैं। काली मिर्च को अपने भोजन या फिर पेय पदार्थों में शामिल करके आप सर्दी की बीमारियों को दूर कर सकते हैं। काली मिर्च आपकी छाती में जमाव, कफ, बलगम को कम करती है। खास बात ये है कि काली मिर्च को उपयोग करना बहुत ही आसान है। आप खाने के साथ ही चाय, सूप, जूस आदि में इसका सेवन कर सकते हैं। इसके साथ ही इसे औषधि के रूप में भी ले सकते हैं। आज हम आपको बता रहे हैं काली मिर्च के ऐसे रामबाण तरीके जो आपकी कई स्वास्थ्य समस्याओं को दूर कर देंगे।
सर्दी के मौसम में गले में खराश, खांसी, कफ की समस्या बहुत ज्यादा हो जाती है। इससे बचाव के लिए आप नियमित रूप से काली मिर्च के टॉनिक का सेवन कर सकते हैं। काली मिर्च में विटामिन सी, जीवाणुरोधी और एंटीबायोटिक गुण होते हैं। टॉनिक बनाने के लिए आप एक चम्मच शहद में दो से तीन काली मिर्च का पाउडर मिलाकर इसका सेवन करें। इससे आपके गले को राहत मिलेगी। यह होममेड टॉनिक आपकी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएगा। साथ ही सर्दी से लड़ने की क्रिया को तेज करेगा। अगर आप शहद और काली मिर्च खाने में असहज हैं तो आप एक गिलास गर्म पानी में एक चम्मच शहद और दो से तीन पिसी हुई काली मिर्च का पाउडर मिलाकर भी पी सकते हैं। इससे भी आपको तुरंत आराम मिलेगा। सुबह-सुबह इस टॉनिक का सेवन करना बेस्ट रिजल्ट देता है। आप चाहें तो इसे रात में सोने से पहले भी पी सकते हैं।
भारतीयों के लिए चाय एक एनर्जी ड्रिंक का काम करती है। थकान दूर भगानी हो, दोस्तों के साथ गपशप करनी हो, ठंड दूर भगानी हो, चाय तो जरूरी है। सर्दी के मौसम में चाय सेहत के लिए भी फायदेमंद हो जाती है, खासकर काली मिर्च वाली चाय। इससे आपको ठंड से लड़ने की ताकत मिलती है। यह शरीर को अंदर से गर्म रखती है। अगर आपको ठंड लग गई है तो आप दूध वाली चाय की जगह ब्लैक टी पिएं।
इसके लिए आप एक कप पानी में एक चम्मच चाय पत्ती डालकर उबालें, अब इसमें चुटकी भर समुद्री नमक और दो से तीन कुटी हुई काली मिर्च डालें। इसे अच्छे से उबालें और फिर छान कर इसका सेवन करें। आप चाहें तो इसमें शहद भी मिला सकते हैं। यह चाय अंदर से आपके कफ को पिघला देगी। इसकी मदद से आपका शरीर गर्म रहेगा और बलगम की शिकायत दूर होगी। इस चाय का सेवन आप प्रतिदिन सुबह कर सकते हैं। यह पीने में भी काफी अच्छी लगती है।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.