
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : December 22, 2023 6:36 PM IST
जोड़ों में दर्द से पीड़ित लोगों के लिए सर्दी का मौसम किसी बुरे सपने जैसा होता है। क्योंकि इस मौसम में जोड़ों में ऐंठन, सूजन आने लगती है और दर्द असहनीय हो जाता है। ऐसे में आमतौर पर लोग दर्द निवारक दवाओं के सहारे राहत पाने की कोशिश करते हैं। लेकिन उनका असर खत्म होते ही दर्द फिर से शुरू हो जाता है। ऐसे में कुछ प्राकृतिक तरीके अपनाकर आप इस दर्द से राहत पा सकते हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं ऐसे में ही 5 असरदार नेचुरल दर्द निवारकों के बारे में।
जोड़ों के दर्द से राहत पाने के लिए अरोमाथेरेपी असरदार तरीका है। इसे आप आसानी से घर में ही कर सकते हैं। इसके लिए पेपरमिंट, लैवेंडर, यूकेलिप्टस जैसे असरदार असेन्शल ऑयल का उपयोग करें। इन तेलों के उपयोग से अरोमाथेरेपी मिलेगी, जिससे मांसपेशियों में तनाव कम होगा और दर्द से राहत मिलेगी। आप अपने मालिश के तेल में इन असेन्शल ऑयल की कुछ बूंदे मिलाएं। फिर हल्के हाथों से मसाज करें। इन तेलों की खुशबू दर्द, तनाव, चिंता तीनों ही दूर करेगी।
जोड़ों और शरीर के दर्द के निवारण के लिए एक्यूपंक्चर और एक्यूप्रेशर रामबाण इलाज है। इस पारंपरिक चीनी चिकित्सा में शरीर के विशिष्ट बिंदुओं को उत्तेजित किया जाता है। जिससे शरीर में ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है। एक्यूपंक्चर में बारीक सुइयों की मदद से इन प्रेशर प्वॉइंट्स पर दबाव बनाया जाता है। वहीं एक्यूप्रेशर में सीड्स और दालों की मदद से भी इन बिंदुओं पर दबाव डाला जाता है। इन दोनों ही तकनीकों से दर्द से राहत मिलती है।
हल्दी और अदरक दोनों ही हर भारतीय घर में आसानी से मिल जाते हैं। ये दोनों ही कई गुणों से भरपूर हैं। हल्दी में करक्यूमिन नामक तत्व पाया जाता है जो सूजन और दर्द से राहत दिलाता है। वहीं अदरक में जिंजरोल नामक तत्व होता है, जो दर्द निवारक का काम करता है। ऐसे में हल्दी और अदरक का सेवन करने से जोड़ों की सूजन और दर्द दोनों ही कम होते हैं। आप इसके लिए दो कप पानी में डेढ़ इंच अदरक का टुकड़ा, चुटकी भर हल्दी, तीन से चार काली मिर्च डालकर उबाल लें। इसके बाद इस ड्रिंक का सेवन करें। आप चाहे तो इसमें काला नमक या फिर शहद भी डाल सकते हैं।
जोड़ों की सूजन और दर्द दूर करने के लिए ठंडा सेक करना बहुत ही लाभकारी तरीका है। दरअसल, ठंडे सेक से हमारी रक्त वाहिकाएं सिकुड़ती हैं, जिससे वह क्षेत्र सुन्न हो जाता है और सूजन तुरंत उतर जाती है। इससे दर्द में भी आराम मिलता है। यही कारण है कि मोच आने पर ठंडा सेक करने की सलाह दी जाती है। आजकल बाजार में आपको आसानी से आइस पैक मिल जाएंगे। आप चाहें तो एक पतले कपड़े में आइस क्यूब्स डालकर भी ठंडा सेक कर सकते हैं। दर्द से राहत पाने के लिए 15 से 20 मिनट तक प्रभावित क्षेत्र पर ठंडा सेक करें। आपको तुरंत असर दिखेगा।
दर्द को दूर भगाने के लिए कैप्साइसिन क्रीम किसी करिश्मे की तरह काम करती है। इस क्रीम से गठिया और न्यूरोपैथी जैसी स्थितियों में आराम मिलता है। क्योंकि यह असरदार क्रीम तंत्रिका रिसेप्टर्स को अस्थायी रूप से निष्क्रिय कर देती है। हालांकि इसके उपयोग से पहले आपको डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए, क्योंकि कई बार इस क्रीम के कारण जलन, अप्लाई किए गए हिस्से में गर्मी महसूस होना आदि परेशानी हो सकती है।