
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Periods Pain ko Kaise Kam Kare पीरियड्स के दिनों में महिलाओं को दर्द और चिड़चिड़ापन दोनों का एक साथ ही सामना करना पड़ता है। कुछ महिलाओं को तो पीरियड्स के दौरान पेट के साथ-साथ पीठ के निचले हिस्से और शरीर के जोड़ों में भी दर्द रहता है। दर्द के कारण शरीर में अकड़न रहती है और हार्मोन्स के बदलाव के कारण चिड़चिड़ापन रहता है। इन दिनों में बिस्तर से उठने का मन नहीं करता तो हर छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आ जाता है। कई महिलाओं को तो इतना दर्द होता है कि उन्हें दर्द से छुटकारा पाने के लिए पेन किलर भी लेनी पड़ती है। हालांकि, इस दौरान कई घरेलू उपाय मददगार साबित होते हैं, जिनमें सिकाई करना सबसे आम और प्रभावी तरीका माना गया है। वहीं कुछ लोग यह भी कहते हैं कि पीरियड्स में सिकाई नहीं करनी चाहिए। इसलिए, इस सवाल का सही जवाब ढूंढने के लिए लोग अक्सर इंटरनेट पर सर्च करते हैं कि पीरियड्स में सिकाई करना सही है या नहीं? आप भी इसका उत्तर जानना चाहती हैं तो चलिए हम आपको इस आर्टिकल के माध्यम से सही जानकारी देते हैं।
विशेषज्ञ इसका सही जवाब देते हुए कहते हैं कि पीरियड डेज में गर्म सिकाई बिल्कुल सेफ है। पेट पर गर्म सिकाई करने रक्त प्रवाह बढ़ाता है और मांसपेशियाँ रिलैक्स हो जाती हैं, जिससे क्रैंप्स आना काफी हद तक कम हो जाते हैं। यह ऐसा खास नुस्खा है, जिसकी मदद से आपको पीरियड्स के असहनीय दर्द को कम करने में मदद मिलती है। हालांकि इस दर्द से निपटने के सिकाई के अलावा कई और प्राकृतिक उपाय भी हैं, जो आपको आराम महसूस कराते हैं तो आइए उसे जानें।
(और पढ़ें - पीरियड्स के दर्द से कैसे राहत पाएं)
पीरियड्स में गर्म सिकाई दर्द से निपटने का सबसे आसान और प्रभावी उपाय है। आप पीरियड्स के दौरान पेट और कमर पर 15–20 मिनट तक हीट पैड से सिकाई करें। इससे मांसपेशियों को आराम मिलेगा और दर्द कम हो जाएगा। ध्यान रखें कि तापमान ज्यादा गर्म न हो, वरना त्वचा को नुकसान हो सकता है। आप उसके लिए हीटिंग पैड आदि का इस्तेमाल भी कर सकते हैं और अगर हीटिंग पैड नहीं है, तो बोतल में हल्का गर्म पानी डालकर उसका इस्तेमाल कर सकती हैं।
अदरक, दालचीनी, कैमोमाइल या पुदीना चाय पीरियड्स के दर्द में राहत पहुंचाती है। ये हर्ब्स एंटी-इंफ्लेमेटरी और मसल-रिलैक्सेंट गुणों से भरपूर होती है, जिसके सेवन से शरीर शांत होता है और पेट में होने वाली ऐंठन कम हो जाती है। ऐसे में आप दिन में 1–2 कप हर्बल चाय पी सकती हैं, जिससे यकीनन आपको राहत मिलेगी। अगर आप घर पर हर्बल चाय बनाती हैं, तो वह और ज्यादा फायदेमंद मानी जाती है।
पीरियड्स के दौरान अगर आप हल्की लेकिन आराम पहुंचाने वाली शारीरिक एक्टिविटी करें तो आपको आराम महसूस होगा। हालांकि इस दौरान भारी एक्सरसाइज से बचना चाहिए, लेकिन हल्की स्ट्रेचिंग या योगासन दर्द को कम करने में काफी मददगार साबित होते हैं। ये योगासन पेट की मांसपेशियों को रिलैक्स कर, ब्लड फ्लो बढ़ाते हैं और थकान दूर करते हैं।
आपने महसूस किया होगा कि पीरियड्स के दौरान जैसे ही शरीर को गर्माहट मिलती है दर्द कम हो जाता है। ऐसे में आप गर्म पानी, हल्के सूप या हर्बल ड्रिंक पीएं। इससे पेट और शरीर भीतर से गर्माहट बढ़ती है और दर्द कम हो जाता है। वहीं पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से ब्लोटिंग कम होती है, जो पीरियड्स में एक आम समस्या है।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।