
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : August 23, 2023 5:40 PM IST
Tips to lower bad cholesterol level: शरीर में बढ़ रहे कोलेस्ट्रॉल पर समय रहते रोक लगाना बहुत जरूरी हो जाता है, क्योंकि यह एक ऐसी बीमारी है जो हार्ट अटैक से स्ट्रोक जैसी जानलेवा हेल्थ कंडीशन को जन्म दे सकती है। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल यानी एलडीएल को कंट्रोल करने के लिए वैसे तो अलग-अलग प्रकार की दवाएं व अन्य ट्रीटमेंट उपलब्ध है, लेकिन यह भी सच है कि इनमें से कुछ दवाओं या ट्रीटमेंट के कारण होने वाले साइड इफेक्ट्स के कारण लोग इनपर ज्यादा भरोसा कर नहीं पाते हैं। हालांकि, कुछ घरेलू नुस्खे भी हैं, जिनकी मदद से शरीर में तेजी से बढ़ रहे कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल किया जा सकता है और इनमें से ही एक है अनार का छिलका। हाई कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए अनार के छिलका का इस्तेमाल करना मात्रा एक घरेलू नुस्खा नहीं है, बल्कि यह कई रिसर्चों में भी साबित हो चुका है। कोलेस्ट्रॉल के मरीजों के लिए यह जानकारी काफी फायदेमंद हो सकती है।
जिन लोगों को कोलेस्ट्रॉल से जुड़ी समस्याएं हैं, उनके लिए अनार का छिलका काफी फायदेमंद माना गया है। दरअसल, अनार के छिलके में खूब मात्रा में ऐसे एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर में बढ़े हुए बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल करने में काफी प्रभावी तरीके से काम करते हैं। इतना ही नहीं बल्कि अनार के छिलकों में कई ऐसे तत्व भी पाए जाते हैं, जो रक्त वाहिकाओं को डैमेज होने से बचाते हैं और ऐसे में हार्ट से जुड़ी समस्याएं होने का खतरा भी कुछ हद तक कम हो सकता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए अनार के छिलके का इस्तेमाल कई अलग-अलग तरीकों से किया जा सकता है, जो इस प्रकार है -
अनार के छिलकों को पहले कुछ दिनों तक अच्छे से सुखाएं लें और फिर सूखने के बाद इन्हें ग्राइंडर की मदद से पीसकर पाउडर बना लें। इस पाउडर का इस्तेमाल रोजाना दिन में एक बार गुनगुने पानी के साथ करें। रोजाना एक छोटा चम्मच गुनगुने पानी के साथ लेने से कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में काफी मदद मिलती है।
अनार के छिलके की चाय बनाकर भी उसका सेवन किया जा सकता है, जो बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में काफी मददगार मानी जाती है। अनार के ताजे छिलके लें और कुछ टुकड़ों को एक कप पानी में डालें। साथ ही अगर आप चाहें तो थोड़ा अदरक व शहद भी मिला सकते हैं। एक बार उबाल आने के बाद पानी को कप में छान लें और चुस्कियों के साथ इसका सेवन करें।
अनार के छिलकों से रस निकालना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल करने के लिए इस तरीके को काफी कारगर माना जाता है। एक गिलास पानी में अनार के छिलकों को कुछ घंटों के लिए डुबो दें और फिर साफ कपड़े की मदद से इसे अच्छे से निचोड़ कर रस निकाल लें। दिन में एक बार इसका सेवन जरूर करें।
हालांकि, हर व्यक्ति के शरीर की प्रकृति अलग होती है और इसलिए कई बार ये घरेलू नुस्खे कुछ लोगों के शरीर पर काम नहीं कर पाते हैं। साथ ही कोलेस्ट्रॉल जैसी गंभीर बीमारियों को कंट्रोल रखने के लिए नियमित रूप से डॉक्टर से संपर्क करते रहना चाहिए, ताकि स्थिति को गंभीर होने से पहले ही उसका पता लगाया जाए। यदि आप कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए अनार के छिलके के इस घरेलू नुस्खे को आजमाना चाहते हैं, तो हेल्थ एक्सपर्ट्स से इस बारे में एक बार आपको सलाह ले लेनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ जानकारी बढ़ाने के लिए लिखा गया है और इसमें दिए गए नुस्खों व उपचार के तरीकों को इस्तेमाल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से इस बारे में पूछने की सलाह दी जाती है।