
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Published : February 15, 2023 4:59 PM IST
Homemade Holi Color : मार्केट के रंगों से अगर आप होली खेलते हैं, तो इसमें कई तरह के केमिकल्स होने की संभावना होती है। इन केमिकल्सयुक्त रंगों से आपको कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। इन परेशानियों में स्किन पर रैशेज, लालिमा, खुजली, दानें और बालों का झड़ना इत्यादि शामिल है। ऐसे में आप घर पर तैयार रंगों का प्रयोग करें। घर पर तैयार रंगों के प्रयोग से आपको स्किन और बालों को नुकसान पहुंचने की संभावना काफी कम होती है। आइए जानते हैं घर पर प्राकृतिक रंग कैसे करें तैयार?
होली पर अगर आप पिंक कलर से अपनी खुशियां सेलेब्रेट करना चाहते हैं, तो इसके लिए आप गाजर और चुकंदर का प्रयोग कर सकते हैं। गाजर और चुकंदर की मदद से गुलाबी रंग बनाया जा सकता है। इसके लिए गाजर या फिर चुकंदर का जूस निकालकर इसे इसे कुछ समय के लिए गर्म करें। जब जूस गाढ़ा हो जाए, तो इसे पानी में घोल लें। यह प्राकृतिक गुलाबी रंग बनेगा। इससे आप बेफिक्र होकर होली के रंगों का मजा ले सकते हैं।
घर पर आप लाल रंग भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले लाल गुलाब की पंखुड़ियां लें। अब इसे धूप में अच्छी तरह से सूखा लें। इसके बाद सूखी पंखुड़ियों को पीसकर पाउडर बना लें। अब इसमें थोड़ा सा गेंहू का आटा मिक्स कर लें। अब आप इसे लाल गुलाल के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
होली खेलने के लिए पीला रंग तैयार करने के लिए आप हल्दी का प्रयोग कर सकते हैं। इसे बनाना बहुत ही आसान है। गुलाल बनाने के लिए आप 1 चम्मच हल्दी पाउडर में 2 से 3 चम्मच मुल्तानी मिट्टी मिक्स कर लें। अब इसका इस्तेमाल गुलाल के रूप में कहें। वहीं, पीला रंग बनाने के लिए हल्दी को अच्छी तरह से पानी में घोलकर उबालें। जब पानी आधा रह जाए, तो इसका उपयोग रंग के रूप में करें।
घर पर हरा रंग बनाने के लिए आप मेहंदी और धनिया की पत्तियों का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए मेहंदी की पत्तियों को अच्छी तरह से सूखा लें। इसके बाद इसे अच्छी तरह से पीस लें। अब इसमें थोड़ा सी मुल्तानी मिट्टी मिक्स कर लें। इसके अलावा आप पुदीना, पालक और धनिया से भी इसी तरह रंग तैयार कर सकते हैं। गीला रंग बनाने के लिए आप आप इन पत्तियों को पीसकर इसका रस निकाल लें। अब इन रस को अच्छी तरह से उबाल लें। इसके बाद इसे पानी में घोलकर रंग तैयार करें।
नीला रंग बनाने के लिए गुड़हल के फूलों और काले अंगूर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए गुड़हल के फूलों को धूप में अच्छी तरह से सूखाकर इसे मसलकर पाउडर बना लें। वहीं, काले अंगूर से नीला रंग बनाने के लिए इसका जूस निकाल लें। अब इसे पानी में अच्छी तरह से उबाल लें। अब इसे पानी में घोलकर रंग तैयार कर लें।
घर पर इन आसान तरीकों से आप रंग तैयार कर सकते हैं। इससे आपको किसी भी तरह का नुकसान नहीं होगा। हालांकि, ध्यान रखें कि अगर आपको इन में से किसी भी चीज से एलर्जी की समस्या है तो इसका प्रयोग न करें।