Eye Care in Summer: गर्मी के दिनों में आंखों से आ रहा है बार-बार पानी, तो तुरंत करें ये काम जलन और खुजली भी होगी कम

Eye Problems in Summer: गर्मियों के समय में आंखों को कई अलग-अलग प्रकार की समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए इस दौरान इनकी विशेष देखभाल करना बेहद जरूरी होता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : May 3, 2022 2:38 PM IST

तपती गर्मी से हर कोई बेहाल है, लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे (Summer safety tips) हैं। हालांकि, तमाम उपायों के बावजूद भी आराम नहीं मिल रहा है और अनेक स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं। ज्यादातर लोग यही मानते हैं कि अधिक गर्मी से स्किन खराब होती है, लेकिन आपको बता दें कि इसका उतना ही असर आंखों पर भी पड़ता है। बहुत ज्यादा गर्मी या फिर लंबे समय तक धूप के संपर्क में आने पर आंखों पर भी काफी गंभीर असर पड़ता है और उससे अनेक स्वास्थ्य समस्याएं होने लगती हैं। अगर बढ़ती गर्मी के कारण आपको भी बार-बार आंखों से पानी आने की समस्या (Watery eyes) हो रही है, तो आपको भी अपनी आंखों की देखभाल करने की सख्त जरूरत है। हम इस लेख के माध्यम से आपको कुछ इसी बारे में जानकारी देने वाले हैं, जिससे आपको बढ़ती गर्मी में अपनी आंखों की देखभाल करने में मदद मिलेगी।

क्यों होती हैं गर्मी से आंखों को दिक्कत

दरअसल आंखें ज्यादा गर्मी सहन करने के लिए नहीं बनी होती हैं और इसलिए गर्मी के दौरान चलने वाली गर्म हवाएं उन्हें प्रभावित कर देती हैं। साथ ही गर्मी के दिनों में हवाएं शुष्क हो जाती हैं और साथ ही धूल व अन्य प्रदूषण के कण हवा में उड़ने लग जाते हैं। जब ये प्रदूषक आंख के संपर्क में आते हैं, तो आंखों को दिक्कत आने लग जाती है।

गर्मी के कारण आंखों में होने वाले लक्षण

गर्मी आंखों के कई अलग-अलग तरीके से प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए इससे होने वाले लक्षण भी अलग-अलग हो सकते हैं -

  • आंखों में बार-बार पानी आना
  • बाहर से आने के बाद आंखे लाल होना
  • धूप में ठीक से देख न पाना
  • धूप के कारण सिर दर्द होना
  • धूल-मिट्टी के कारण आंखों में जलन व खुजली
  • आंखों में सूखापन
  • आंखों से कीचड़ आना

आंखों को गर्मी से कैसे बचाएं

जिस प्रकार आप अपनी त्वचा और सिर को गर्मी व धूप से बचाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं, उसी प्रकार आपको अपनी आंखों की देखभाल करना भी बहुत जरूरी है। गर्मी के दिनों में आप अपनी आंखों को बचाने के लिए निम्न उपाय कर सकते हैं।

  • समय-समय पर साफ पानी से आंखों को धोएं
  • बाहर जाते समय काले शीशे वाले चश्मे लगाएं
  • धूल-मिट्टी वाले स्थानों पर न जाएं
  • जितना हो सके दोपहर के समय घर पर ही रहें
  • चेहरे पर आंखों के आसपास पसीना न आने दें (स्वच्छ कपड़े से साफ करते रहें)
  • हाथों से बार-बार आंखों को न छुएं
  • समय-समय पर डॉक्टर से कराएं जांच

आंख हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील अंगों में से एक है, जिसकी नियमित देखभाल जरूरी है। इसलिए गर्मियां आने से पहले ही नेत्र रोग विशेषज्ञ (Ophthalmologist) से इसकी जांच करा लेनी चाहिए। साथ ही अगर आपको ऊपर बताए गए लक्षणों में से कोई भी महसूस हो रहा है, तो डॉक्टर से इस बारे में बात कर लेनी चाहिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source