गर्मी की वजह से चेहरे पर हो रहे हैं छोटे-छोटे सफेद दाने, तो ये 5 घरेलू उपाय आएंगे काम
अगर आपके चेहरे पर बार-बार सफेद दाने हो जाते हैं, तो आप कुछ घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं। इनसे चेहरे के दाने धीरे-धीरे कम होने लगेंगे और त्वचा को कोई नुकसान भी नहीं होगा।
गर्मी में आपके चेहरे पर छोटे-छोटे दाने हो जाते हैं? अगर हां, तो इनसे छुटकारा पाने के लिए आपको महंगे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं है। आप सिर्फ कुछ घरेलू उपायों की मदद से चेहरे के दानों को मिटा सकते हैं। आपको बता दें कि गर्मी में त्वचा पर अधिक सीबम के उत्पादन की वजह से चेहरे पर छोटे-छोटे दाने हो सकते हैं। इसके अलावा, पोर्स में गंदगी और डेड स्किन जमा होने पर भी दाने निकल सकते हैं। कई बार गलत स्किन केयर प्रोडक्ट्स की वजह से भी चेहरे पर दाने हो सकते हैं। आइए, स्किन एंड हेयर केयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन से जानते हैं कि चेहरे के छोटे-छोटे दाने मिटाने के लिए कौन-से घरेलू उपाय आजमाएं?
1. एलोवेरा जेल लगाएं
अगर गर्मी में चेहरे पर छोटे-छोटे सफेद दाने हो जाते हैं, तो एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है। एलोवेरा जेल में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो त्वचा की सूजन और दानों को कम करने में मदद करते हैं। एलोवेरा जेल लगाने से स्किन क्लीन होती है और त्वचा को नमी मिलती है। कुछ दिनों तक रोजाना चेहरे पर एलोवेरा जेल लगाने से चेहरे के दाने धीरे-धीरे कम हो सकते हैं।
2. नारियल तेल लगाएं
चेहरे के छोटे-छोटे मिटाने के लिए आप नारियल तेल का यूज कर सकते हैं। नारियल तेल त्वचा को मॉइश्चराइज करता है और मुंहासों-दाग धब्बों से छुटकारा दिलाता है। आप रात को चेहरे पर नारियल तेल लगाएं और सुबह चेहरे को नॉर्मल पानी से धो लें। इससे त्वचा का निखार बढ़ेगा और दानों से भी छुटकारा मिलेगा।
3. हल्दी का पेस्ट लगाएं
हल्दी, त्वचा की सूजन को कम करने में मदद कर सकती है। चेहरे के छोटे-छोटे दाने मिटाने के लिए आप हल्दी के पेस्ट का उपयोग कर सकते हैं। हल्दी का पेस्ट त्वचा के संक्रमण को कम करता है। आप थोड़ी-सी हल्दी लें और इसमें शहद मिलाएं। आप चाहें तो गुलाब जल भी मिला सकते हैं। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और आधे घंटे बाद धो लें। इससे त्वचा का निखार भी कई गुना बढ़ जाएगा।
4. नीम का पेस्ट लगाएं
चेहरे के छोटे-छोटे सफेद दानों को मिटाने के लिए नीम का पेस्ट लगाना भी कारगर साबित हो सकता है। आप नीम की पत्तियों को बारीक पीस लें और इसका पेस्ट तैयार करें। अब इस पेस्ट को चेहरे के छोटे-छोटे दानों पर लगाएं। नीम की पत्तियों में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो दाने पैदा करने वाले बैक्टीरिया को नष्ट करते हैं। आप चाहें तो नीम के पानी से नहा भी सकते हैं।
5. मुल्तानी मिट्टी का पेस्ट लगाएं
चेहरे के दानों को मिटाने के लिए मुल्तानी मिट्टी का यूज करना फायदेमंद होता है। मुल्तानी मिट्टी की तासीर ठंडी होती है, यह त्वचा को ठंडक पहुंचाती है और निखार बढ़ाती है। आप 2 चम्मच मुल्तानी मिट्टी लें और इसमें गुलाब जल मिलाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और आधे घंटे बाद चेहरे को धो लें। बेहतर रिजल्ट के लिए इस पेस्ट को कुछ दिनों तक रोजाना लगा सकते हैं।
Disclaimer: अगर आपके चेहरे पर छोटे-छोटे दाने हो गए हैं तो आप इन घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं। लेकिन, किसी भी चीज को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर चेहरे के दाने लंबे समय तक बने रहे, तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से जरूर मिलें।