
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Updated : February 9, 2023 12:33 PM IST
Smell from feet Remedies: कई बार पैरों को अच्छी तरह से साफ करने के बाद भी जूतों की बदबू आने लगती है। इसका कारण पैरों में जमा बैक्टीरिया हो सकता है। कई बार ये बैक्टीरिया पैरों के कोनों में फंस जाते हैं। ऐसे में पैरों को बार-बार साफ करने के बाद भी इससे बदबू आने लगती है। कई बार पैरों की बदबू की वजह से लोगों के सामने आपको शर्मिंदा होना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में आपको भी अच्छा फील नहीं होता है। अगर आप चाहते हैं कि आपके पैरों की बदबू दूर हो जाए, तो इसके लिए आपको कुछ आसान से उपायों को फॉलो करने की जरूरत है। जी हां, पैरों की गंध को दूर करने के लिए आप आसान से घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं। आइए जानते हैं पैरों की गंदी बदबू को कैसे करें दूर?
पैरों की गंदगी को साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा का प्रयोग कर सकते हैं। बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करने से पैरों की गंध और बैक्टीरिया नष्ट हो सकती है। इसका प्रयोग करने के लिए 1 बड़ा सा बर्तन लें। अब इसमें थोड़ा सा गुनगुना पानी और 1 चम्मच बेकिंग सोडा मिक्स करें। इसके बाद इसनें 1 नींबू का रस डाल लें। अब अपने पैरों को करीब 10 मिनट के लिए इसमें डुबोकर रखें। ऐसा करने से पैरों की गंध दूर होगी। साथ ही बैक्टीरिया भी नष्ट हो जाएंगे।
पैरों से जूतों की गंध को दूर करने के लिए आप साबुन का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए साबुन को पैरों पर अच्छी तरह से रगड़ें। इससे पैरों की गंध दूर हो जाएगी। वहीं, आप अपने जूतों को भी हर एक सप्ताह पर साबुन से अच्छी तरह से धोएं। इससे जूतों की नमी भी कम होगी, जो पैरों की बदबू को दूर कर सकता है।
कभी-कभी खराब क्वालिटी के मोजे पहनने की वजह से पैरों में गंध आ सकती है। ऐसे में आपको अपने मोजे की क्वालिटी में सुधार करने की जरूरत है। ताकि आपके पैरों से कम पसीना आए। इससे पैरों की बैक्टीरिया और बदबू कम हो सकती है।
पैरों की बदबू को दूर करने के लिए आप फुट मास्क का प्रयोग कर सकते हैं। फुट मास्क लगाने के लिए सबसे पहले 1 चम्मच शहद लें। इसमें थोड़ा सा गुलाबजल, 1 चम्मच ओट्स और गुलाब की पत्तियां मिक्स कर लें। इसके बाद इस मास्क को अपने पैरों पर लगाएं और करीब 10 मिनट के लिए रगड़ें। इसके बाद पैरों को गुनगुने पानी से धो लें। ऐसा करने से आपके पैरों की गंध दूर हो सकती है।
पैरों की गंध को दूर करने के लिए आप नमक के पानी का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए 1 टब में गुनगुना पानी लें। इसमें 2 बड़ा चम्मच सादा नमक डालें। इसके बाद इसमें करीब 20 मिनट तक अपने पैरों को डुबोकर रखें। इसके बाद पैरों को सादे पानी से धोकर इसमें मॉइस्चराइजर लगाएं। ऐसा करने से पैरों की गंध दूर हो सकती है।
पैरों की गंध को दूर करने के लिए आप इन घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि अगर आपके पैरों में बैक्टीरियल परेशानियां बढ़ रही हैं तो इस स्थिति में डॉक्टर से सलाह जरूर लें।