सिरदर्द से राहत दिला सकते हैं ये 5 घरेलू उपाय, इस तरह इस्तेमाल करने से मिलेगा फायदा

सिरदर्द कई कारणों से हो सकता है। अगर कभी-कभी सिरदर्द होता है तो आप कुछ घरेलू उपाय आजमा सकते हैं। लेकिन, बार-बार होने वाला सिरदर्द गंभीर हो सकता है।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : May 8, 2026 5:40 PM IST

Headache Remedies: हर व्यक्ति को अपने जीवन में कभी-न-कभी सिरदर्द से परेशान होना पड़ता है। किसी को कभी-कभार तो, किसी को बार-बार सिरदर्द होता रहता है। सिरदर्द के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं, जैसे- लगातार काम, तनाव, नींद की कमी, डिहाइड्रेशन या गैस आदि। सिरदर्द होने पर अक्सर लोग पेनकिलर का सेवन करते हैं, लेकिन बार-बार दवा लेने से शरीर को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए हल्के सिरदर्द से राहत पाने के लिए आप चाहें तो कुछ घरेलू उपाय आजमा सकते हैं।

सिरदर्द के लिए घरेलू उपाय

अगर आप सिरदर्द से परेशान हैं, तो इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं।

1. अदरक की चाय

सिरदर्द से राहत पाने के लिए आप अदरक की चाय पी सकते हैं। अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सिरदर्द और माइग्रेन के दर्द को कम करने में मदद कर सकते हैं। यह मतली की समस्या में भी राहत देता है। आप एक कप पानी में थोड़ा कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें और इसे 5 मिनट तक उबालें। आप चाहें तो इसमें शहद मिला सकते हैं, दिन में 1 से 2 बार इसे पीने से लाभ मिल सकता है।

2. पुदीने का तेल

सिरदर्द कम करने के लिए पुदीने का तेल भी उपयोगी साबित हो सकता है। पुदीना ठंडक पहुंचाता है और तनाव कम करने में मदद करता है। इसकी खुशबू से सिरदर्द से राहत मिल सकती है। इसके लिए आप पुदीने के तेल की 2-3 बूंद लें और इसे माथे-कनपटी पर हल्के हाथों से लगाएं। इससे आपको कुछ ही देर में सिरदर्द से आराम मिल सकता है।

3. पर्याप्त पानी पिएं

कभी-कभी शरीर में पानी की कमी की वजह से भी सिरदर्द की समस्या हो सकती है। इसलिए शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी होता है। इसलिए दिनभर में 2 से 3 लीटर पानी जरूर पिएं। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए आप नींबू पानी और नारियल पानी का सेवन भी कर सकते हैं।

4. लौंग का इस्तेमाल

लौंग भी सिरदर्द को कम करने का एक बेहतरीन घरेलू उपाय साबित हो सकता है। लौंग सिरदर्द और तनाव को कम करने में मदद करता है। लौंग में मौजूद गुण तनाव को कम करते हैं और मसल्स को रिलैक्स करते हैं। इसके लिए आप लौंग को हल्का गर्म करके एक कपड़े में बांध लें और इसकी खुशबू सूंघें। आप चाहें तो लौंग के तेल को माथे पर भी लगा सकते हैं।

5. ठंडी पट्टी लगाएं

ठंडी सिकाई करने से नसों को आराम मिलता है। इससे सूजन कम होती है, साथ ही तनाव दूर होता है। आइस पैक या ठंडी पट्टी लगाने से सिरदर्द से आराम मिल सकता है। इसके लिए आप एक कपड़ा लें और इसमें बर्फ लपेट लें, इसे माथे पर लगाकर रखें। इससे आपको काफी आराम मिलेगा।

Highlights:

  • सिरदर्द बेहद आम समस्या है, जो कई लोगों को परेशान करता है।
  • इससे राहत पाने के लिए आप लौंग के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • आइस पैक से भी सिरदर्द से आराम मिल सकता है।

Disclaimer: सिरदर्द एक आम समस्या है, ज्यादातर लोग इसे नजरअंदाज करते हैं। अगर कभी-कभार सिरदर्द होता है तो आप ऊपर बताए गए घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। लेकिन, अगर बार-बार सिरदर्द होता है तो एक बार डॉक्टर से मिलें। कई बार सिरदर्द, स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से हो सकता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source