
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : May 22, 2025 12:06 PM IST
Home Remedies For Uric Acid: आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण हाई यूरिक एसिड की समस्या लोगों में आम हो गई है। दरअसल, यूरिक एसिड हमारे शरीर में मौजूद एक अपशिष्ट पदार्थ होता है, जो प्यूरीन नामक केमिकल के टूटने से बनता है। आमतौर पर, किडनी इसे फिल्टर करके पेशाब के रास्ते शरीर से बाहर निकाल देती है। लेकिन जब किडनी सही ढंग से काम नहीं कर पाती है, तो यह जोड़ों के आसपास क्रिस्टल के रूप में जमा होने लगता है। इसकी वजह से जोड़ों में दर्द, सूजन और चलने-फिरने में दिक्कत जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में, यूरिक एसिड को कंट्रोल करना बहुत जरूरी हो जाता है। शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को कंट्रोल करने के लिए आपको अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इसके अलावा, कुछ घरेलू उपायों की मदद से भी यूरिक एसिड को कंट्रोल किया जा सकता है। इन्हीं घरेलू उपायों में कच्चा पपीता भी शामिल है। जी हां, कच्चा पपीते शरीर में यूरिक एसिड लेवल को कम करने में मददगार साबित हो सकता है। तो आइए, डाइट्रीफिट की डायटीशियन अबर्ना माथीवानन से जानते हैं यूरिक एसिड में कैसे फायदेमंद है कच्चा पपीता और कैसे करें इसका सेवन -
शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को कम करने के लिए कच्चा पपीता बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल, इसमें विटामिन ए, विटामिन-सी, फाइबर, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो यूरिक एसिड को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। इसके अलावा, इसमें पपैन नामक एंजाइम मौजूद होता है, जो एक प्राकृतिक एंटी-इंफ्लेमेटरी है। यह खून में यूरिक एसिड के निर्माण को रोकने में मदद करता है। साथ ही, जोड़ों के दर्द और सूजन से राहत दिलाता है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से पाचन तंत्र में सुधार होता है और शरीर में जमा विषाक्त पदार्थ आसानी से बाहर निकल जाते हैं, जिससे यूरिक एसिड को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।
शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को कम करने के लिए आप सुबह खाली पेट कच्चे पपीते का काढ़ा बनाकर पी सकते हैं। इसे बनाने के लिए आप कच्चे पपीते को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक बर्तन में एक गिलास पानी डालें। इसमें पपीते के टुकड़ों को डालकर करीब 5 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इसे मिक्सी में डालकर पीस लें। अब इस काढ़े को किसी कप में छान लें। इसमें थोड़ा सा काला या सेंधा नमक डालकर पिएं। इसके अलावा, आप कच्चे पपीते की सब्जी या जूस बनाकर भी सेवन कर सकते हैं।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।