
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Published : July 27, 2020 4:42 PM IST
रसोई में मौजूद इन 3 चीजों से बनाएं नेचुरल क्लींजर, फेस करेगा ग्लो और दूर होंगे दाग-धब्बे
अगर आप साफ और निखरी हुई स्किन की चाहत रखते हैं तो दिन में कम से कम दो बार अपनी स्किन को अच्छी तरह से साफ करना बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। क्लीनिंग से न सिर्फ चेहरे की गंदगी दूर होती है बल्कि कई अन्य विकार भी दूर रहते हैं। यह बेसिक कदम आपके लुक में एक सकारात्मक बदलाव भी लाता है। स्किन की नियमित सफाई से स्किन पोर्स को साफ रखने, पिंपल्स होने और ब्लैकहेड्स होने की संभावाओं को भी कम किया जा सकता है। लेकिन कुछ लोग इसलिए मार्किट में मौजूद क्लींजर का उपयोग नहीं करते हैं क्योंकि उन्हें फायदे के बजाय नुकसान होने का अधिक डर रहता है। जिन लोगों की स्किन सेंसटिव होती है वह किसी भी नई चीज़ के साथ एक्सपेरिमेंट करने से डरते हैं। ऐसे में आज हम आपको घर में नेचुरल क्लींजर बनाने के तरीके बता रहे हैं। यह चेहरे की गंदगी को दूर करने के साथ ही नेचुरल ग्लो भी लाएंगे। सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाना बहुत आसान है और आपको किसी खास चीज की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। तो आइए जानते हैं घर पर नेचुरल क्लींजर बनाने का तरीका—
हल्दी में मजबूत रोगाणुरोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं जो आपके चेहरे पर मुंहासे और हल्के धब्बों के निशान को कम करने में मदद करते हैं। साथ ही, यह हर प्रकार के बैक्टीरियल इंफेक्शन, सूजन और अन्य स्किन प्रॉब्लम को दूर करने में मदद करते हैं। जबकि चने के आटे का फेसपैक चेहरे के लिए एक मजबूत बेस की तरह काम करता है। इस पैक को बनाने के लिए आपको 2 चम्मच चने के पाउडर के साथ 1 चम्मच हल्दी पाउडर और कुछ बूंदे दूध की डालनी है। अब इस पेस्ट को अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएं। अब 20 मिनट तक चेहरे पर रहने के बाद धो दें। हफ्ते में 2 से 3 बार इस पैक को लगाने से चेहरे की सारी गंदगी दूर होती है और नेचुरल ग्लो आता है।
चेहरे पर दही लगाने से कई तरह के लाभ मिलते हैं। यह स्किन को साफ और स्मूथ बनाने के साथ ही ब्लैकहेड्स को भी दूर करती है। वहीं खीरा आपको ब्लेमिश या किसी भी डार्क स्पॉट से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकता है। इसमें मौजूद बायोएक्टिव कम्पाउंड फाइन लाइंस, झुर्रियों और दाग धब्बों को दूर करने में मदद करते हैं। इस मिश्रण को बनाने के लिए एक छोटा खीरे का टुकड़ा लें और इसे अच्छी तरह ब्लैंड कर दें। अब इसमें लगभग 2 बड़े चम्मच दही मिलाएं। इन्हें अच्छे से मिलाएं और पेस्ट को अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएं। 10 मिनट बाद धो लें।
शहद किचन में मौजूद सर्वोत्तम सामग्रियों में से एक है। इसे न सिर्फ चेहरे पर लगाने से बल्कि खाने से भी स्किन को कई तरह के लाभ मिलते हैं। यह झुर्रियों को कम करने के साथ ही पीएच लेवल को भी सामान्य रखती है। शहद से चेहरे को क्लीन करने के लिए 3 चम्मच शहद को थोड़े से दूध के साथ मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट बनाएं। अब 30 सेकेंड तक रुक कर इसे चेहरे पर लगाएं और हल्के हाथों से स्क्रब करें। अब साफ पानी की मदद से चेहरे को धो दें।