
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : August 17, 2023 3:53 PM IST
Skin Tightening Tips: उम्र बढ़ने के साथ-साथ त्वचा की इलास्टिसिटी (लोच) कम होने लगती है। इसकी वजह से त्वचा ढीली और लटकी हुई नजर आती है। इसके अलावा, अचानक से वजन कम होने, धूम्रपान, प्रेगनेंसी, पानी का कम सेवन करने या गलत स्किन प्रोडक्ट के इस्तेमाल की वजह से भी त्वचा पर एजिंग के लक्षण नजर आने लगते हैं। चेहरे की ढीली त्वचा आपकी खूबसूरती को प्रभावित कर सकती है। इसकी वजह से व्यक्ति उम्र से पहले बूढ़ा नजर आने लगता है। ऐसे में अक्सर कई लोगों का सवाल होता है कि चेहरे की त्वचा में ढीलापन कैसे दूर करें? या चेहरे पर कसाव कैसे लाएं? आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे घरेलू उपाय बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप चेहरे की ढीली त्वचा को टाइट कर सकते हैं (Home remedies for skin tightening in hindi) -
नारियल तेल त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन-ई भरपूर मात्रा में होता है, जो त्वचा के डैमेज टिश्यू की मरम्मत करने में मदद करता है। नारियल तेल लगाने से कोलेजन बढ़ता है, जिससे त्वचा में कसाव आता है। नियमित रूप से नारियल तेल से चेहरे की मसाज करने से स्किन का ढीलापन दूर हो सकता है। इससे चेहरे की झुर्रियों और फाइन लाइन्स की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।
त्वचा में कसाव लाने के लिए अंडा भी प्रभावी साबित हो सकता है। त्वचा पर अंडे का सफेद हिस्सा लगाने से झुर्रियों और फाइन लाइन्स की समस्या दूर हो सकती है। अगर आप त्वचा के ढीलेपन से परेशान हैं, तो एक कटोरी में अंडे का सफेद भाग निकाल लें। अब इसमें एक चम्मच शहद डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। उसके बाद, चेहरे को पानी से धो लें। ऐसा करने से आपके चेहरे की त्वचा मुलायम और चमकदार नजर आएगी।
चेहरे पर कसाव लाने के लिए आप बादाम के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें मौजूद पोषक तत्व त्वचा की कोशिकाओं को पुनर्जीवित कर सकते हैं। बादाम का तेल लगाने से न सिर्फ त्वचा का ढीलापन दूर होता है, बल्कि रंगत में भी सुधार होता है। इसके लिए आप रोजाना रात में सोने से पहले बादाम के तेल से चेहरे की मालिश करें। नियमित रूप से ऐसा करने से आपको दाग-धब्बों की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।
त्वचा के ढीलेपन से छुटकारा पाने के लिए केला बहुत उपयोगी साबित हो सकता है। इसमें एंटी-एजिंग गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा पर बढ़ती उम्र के लक्षणों को रोकने में मदद करते हैं। इससे झुर्रियों और डार्क स्पॉट्स की समस्या से भी छुटकारा मिल सकता है। इसके लिए आप एक पके केले को मैश कर लें। अब इसमें एक चम्मच शहद मिलाएं। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और फिर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें।
कॉफी में एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो त्वचा को हेल्दी रखने में मदद करते हैं। इतना ही नहीं, कॉफी चेहरे पर झुर्रियों और फाइन लाइन्स को रोकने में भी मददगार हो सकती है। अगर कम उम्र में ही आपकी त्वचा ढीली नजर आने लगी है, तो आप कॉफी फेस मास्क का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बनाने के लिए एक चम्मच कॉफी पाउडर को एक चम्मच ब्राउन शुगर और 2 चम्मच दही के साथ मिलाएं। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और हल्के हाथों से मसाज करें। करीब 15 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें।
चेहरे पर कसाव लाने के लिए आप इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है, तो इनका इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें।