
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : November 5, 2023 2:03 PM IST
Pollution Cough Home Remedies In Hindi: इन दिनों दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण से लोगों का बुरा हाल है। बढ़ते प्रदूषण की वजह से लोगों को जुकाम, खांसी और गले में खराश जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर, सूखी खांसी होने पर खांसते-खांसते पेट और पसलियों में दर्द होने लगता है। सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है, जब रात को सोते समय खांसी होने लगती है। वैसे तो खांसी के इलाज के लिए मार्केट में कई दवाएं मौजूद हैं। लेकिन अगर आप लंबे समय से खांसी की समस्या से परेशान हैं, तो कुछ घरेलू उपाय का सहारा ले सकते हैं। इन उपायों की मदद से आपको खांसी के साथ-साथ गले की खराश और जकड़न से भी राहत मिल सकती है।
अदरक में एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो खांसी की समस्या से राहत दिला सकते हैं। साथ ही, अदरक गले की खराश और दर्द को दूर करने में भी प्रभावी होता है। इसके लिए आप अदरक का एक टुकड़ा कूटकर उसमें एक चुटकी नमक मिला लें। अब इसे मुंह में रखकर चूसते रहें। इससे कुछ ही देर में खांसी आना बंद हो जाएगी।
खांसी की समस्या के लिए शहद रामबाण इलाज है। यह गले के इंफेक्शन को दूर करता है और गले की खराश से भी राहत दिलाता है। इसके लिए आप एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद मिलाएं और फिर इसका सेवन करें। नियमित रूप से दिन में दो बार ऐसा करने से आपको खांसी से जल्द आराम मिल सकता है।
सर्दी-खांसी की समस्या को दूर करने में पुदीना कारगर साबित हो सकता है। इसमें मेंथॉल मौजूद होता है, जो गले की नसों को आराम पहुंचता है। यह खांसी और गले की खराश से जल्द राहत दिला सकता है। इसके लिए आप दिन में 2 से 3 बार पुदीने की चाय का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा, आप गर्म पानी में पुदीने के तेल की कुछ बूंदें डालकर भाप ले सकते हैं।
सर्दी और खांसी जैसी कई समस्याओं से राहत दिलाने में हल्दी काफी असरदार है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं, जो खांसी और गले के इंफेक्शन को दूर करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप रोजाना रात में सोने से पहले एक गिलास गर्म हल्दी वाले दूध का सेवन करें।
खांसी की समस्या से जल्द राहत पाने के लिए आप नमक के पानी से गरारे करें। नमक वाला पानी फेफड़ों और श्वसन प्रणाली को साफ करता है। इससे खांसी, गले की खराश और छाती में जमा कफ से जल्द राहत मिल सकती है। इसके लिए एक कप गर्म पानी में आधा चम्मच नमक मिलाकर दिन में 2-3 बार गरारे करें।
खांसी और गले में खराश की समस्या से राहत पाने के लिए आप इन घरेलू उपायों को अपना सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या ज्यादा बढ़ रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।