
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : March 20, 2024 1:14 PM IST
Home Remedies For Urine Infection: यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन या यूरिन इन्फेक्शन एक बेहद आम समस्या है। मूत्राशय की नली में संक्रमण या सूजन को यूरिन इन्फेक्शन कहा जाता है। यह समस्या पुरुषों की तुलना में महिलाओं में ज्यादा देखने को मिलती है। यूरिन इन्फेक्शन होने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। लंबे समय तक पेशाब को रोककर रखने, गंदा टॉयलेट इस्तेमाल करने और सही से पानी न पीने के कारण यूरिन इन्फेक्शन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, डायबिटीज, प्रेग्नेंसी, मेनोपॉज और दवाइयों का सेवन करना जैसे कारण भी जिम्मेदार हो सकते हैं। यूरिन इन्फेक्शन होने पर पेशाब करते समय जलन, बार-बार यूरिन आना, यूरिन के साथ खून आना और पेट के निचले हिस्से में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर आप भी इस समस्या का सामना कर रहे हैं, तो कुछ घरेलू उपाय की मदद से इससे छुटकारा पा सकते हैं।आइए, जानते हैं यूरिन इन्फेक्शन से निजात पाने के लिए कुछ घरेलू उपाय -
धनिया के बीज यूरिन इन्फेक्शन की समस्या को दूर करने में प्रभावी होते हैं। इसका इस्तेमाल करने के लिए एक चम्मच धनिया के बीच को एक गिलास पानी में रात भर भिगोकर रख दें। सुबह इस पानी को छानकर और इसमें मिश्री मिलाकर खाली पेट इसका सेवन करें। इससे पेशाब की जलन शांत होगी और यूरिन ठीक से पास होगा।
यूरिन इन्फेक्शन की समस्या से राहत पाने के लिए क्रैनबेरी जूस फायदेमंद हो सकता है। इसमें फ्लेवोनॉइड मौजूद होते हैं, जो संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करते हैं। इसके लिए आप रोजाना एक कप क्रैनबेरी जूस पिएं। इसके सेवन से आपको काफी लाभ मिल सकता है।
यूरिन इन्फेक्शन की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप आंवले का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए आप सुबह खाली पेट एक गिलास आंवले के जूस का सेवन करें। इससे शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाएंगे और यूरिन इन्फेक्शन की समस्या से राहत मिलेगी।
यूरिन इन्फेक्शन की समस्या से निजात पाने के लिए आप सेब के सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कप गुनगुने पानी में दो चम्मच सेब का सिरका और एक चम्मच शहद मिलाकर पिएं। दिन में दो से तीन बार इस मिश्रण का सेवन करने से यूरिन इन्फेक्शन में राहत मिलेगी।
यूरिन इन्फेक्शन की समस्या से छुटकारा पाने में लहसुन आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो पेशाब में जलन और दर्द की समस्या को कम कर सकते हैं। इसका इस्तेमाल करने के लिए आप लहसुन की दो कलियों को कद्दूकस कर लें। फिर इसमें आधा चम्मच ऑलिव ऑयल मिलाकर इसका सेवन करें।
यूरिन इंफेक्शन की समस्या से निजात पाने के लिए आप इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं. हालांकि, अगर आपकी परेशानी ज्यादा बढ़ रही है, तो ऐसी स्थिति में आपको अपने हेल्थ एक्सपर्ट से सलाह लेनी चाहिए।